उरई। शहर कोतवाली क्षेत्र के राहिया गांव के ग्रामीणों ने बिजली समस्या से परेशान होकर बुधवार की रात राहिया चौराहे पर जाम लगा दिया। इससे करीब एक घंटे तक वाहनों की लाइनें लगी रही। वहां से गुजर रहे सीओ सिटी विजय आनंद ने जाम की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बिजली विभाग के अधिकारियों से बात कर सप्लाई शुरू कराई। इससे रात भर बिजली आई पर सुबह होते ही बिजली गुल हो गई। इससे ग्रामीणों का गुस्सा दोबारा फूट पड़ा। प्रधान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला पुरुष कलक्ट्रेट पहुंचे और जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर समस्या के जल्द निदान की मांग की।
राहिया गांव में दो ट्रांसफार्मर लगे हैं। इसमें एक ट्रांसफार्मर एक महीने से खराब है। एकमात्र ट्रांसफार्मर से बिजली सप्लाई की जा रही थी, उससे भी अक्सर बिजली गुल रहती थी। उमस भरी गर्मी में बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का धैर्य बुधवार की रात फूट गया। उन्होंने झांसी-कानपुर मार्ग के राहिया चौराहे पर जाम लगा दिया। सुबह बिजली काटने पर ग्रामीण नाराज हो गए और गुरुवार को कलक्ट्रेट पहुंचे और जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर समस्या का निदान जल्द कराने की मांग की। इस दौरान चौधरी रामसेवक, वीरसिंह, चेतराम, रामजी शुक्ला, शशि कुमार, ज्ञानवती, माया, लक्ष्मी आदि मौजूद रहे।