उरई। उरई -मुहाना मार्ग के चौड़ीकरण में जमीन अधिग्रहण के विरोध में ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि पहले उन्हें मुआवजा दिया जाए। इससे कि वह रहने का इंतजाम कर सकें। इसके बाद भूमि का अधिग्रहण किया जाए।
शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलराम सिंह लंबरदार के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। इसमें बताया कि मोहम्मदाबाद और कुसमिलिया गांवों से बिलराया पनवाड़ी राजमार्ग संख्या 21 का निर्माण हो रहा है। इस मार्ग का सर्वे पहले ग्राम के बाहर से किया गया था। नोटिस आने पर पता चला कि सड़क निर्माण गांव के अंदर से किया जाना है। सड़क से 36.36 फीट जगह दोनों ओर से ली जाएगी। इससे सैकड़ों लोग बेघर हो जाएंगे। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के किनारे कई इंदिरा और प्रधानमंत्री योजना के आवास बने हैं। इनके टूटने से कई गरीबों के रहने के लिए जगह नहीं बचेगी। इससे राजमार्ग का निर्माण गांव के बाहर से करवाया जाए। जद में आने वाली जमीन का चार गुना और आवास का छह गुना मुआवजा दिलवाया जाए।
इस दौरान प्रकाश, पन्नालाल, बल्ल खटीक, मल्लू शाह, रंजीत सिंह, कुलदीप, अजय राजपूत, जितेंद्र, प्रकाश रानी, तुलसा, जयहिंद, मूलचंद्र आदि रहे।