UP Board: सहपऊ में बोर्ड परीक्षा देते हुए पकड़ा मुन्ना भाई, दूसरे की जगह दे रहा था पेपर, भेजा जेल
सहपऊ में केएस इंटर कॉलेज महरारा के परीक्षा केंद्र पर पकड़े गए युवक के परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश करने पर सवाल उठ रहे हैं। परीक्षा केंद्र में मुख्य दरवाजे पर प्रवेश पत्र और पूरी जांच करने के बाद ही परीक्षार्थी को अंदर प्रवेश दिया जाता है।
विस्तार
सहपऊ क्षेत्र के गांव महरारा स्थित केएस इंटर कॉलेज में 27 फरवरी की शाम को एक युवक को दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। केंद्र व्यवस्थापक ने 27 फरवरी की देर रात कोतवाली में परीक्षार्थी एवं उसके स्थान पर परीक्षा दे रहे युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव महरारा स्थित इंटर कॉलेज को यूपी बोर्ड परीक्षा का केंद्र बनाया गया है। शुक्रवार को शाम की पाली में कक्षा 12 की भौतिक विज्ञान का पेपर था। विद्यालय में मानिकपुर स्थित श्री महावीर स्वामी जैन इंटर कॉलेज के परीक्षार्थी भी परीक्षा दे रहे हैं। केंद्र व्यवस्थापक कालीचरण गौतम ने बताया कि उनको एक परीक्षार्थी के फर्जी होने का शक हुआ।
वह और स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा कक्षा संख्या 11 में पहुंचे। वहां परीक्षार्थी विष्णु चौधरी के स्थान पर एक अन्य युवक को परीक्षा देते हुए पकड़ लिया। उसने पूछताछ में अपना नाम बृजेश कुमार निवासी बर्द्धवारी थाना मुरसान बताया। वह श्री महावीर स्वामी जैन इंटर कॉलेज के छात्र विष्णु चौधरी निवासी खेरिया के स्थान पर परीक्षा दे रहा है। उन्होंने युवक को पुलिस का सौंप दिया है। कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी का कहना है कि केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शनिवार को आरोपी बृजेश को जेल भेज दिया गया, जबकि विष्णु चौधरी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
युवक के परीक्षा केंद्र के अंदर पहुंचने पर उठ रहे सवाल
सहपऊ में केएस इंटर कॉलेज महरारा के परीक्षा केंद्र पर पकड़े गए युवक के परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश करने पर सवाल उठ रहे हैं। परीक्षा केंद्र में मुख्य दरवाजे पर प्रवेश पत्र और पूरी जांच करने के बाद ही परीक्षार्थी को अंदर प्रवेश दिया जाता है। मुख्य दरवाजे पर जांच के समय पूरी तसल्ली कर ली जाती है कि परीक्षार्थी के पास कोई नकल सामग्री नहीं है और वह ही वास्तविक परीक्षार्थी है। बावजूद इसके इस युवक के परीक्षा कक्ष में पहुंचने पर सवाल उठना लाजिमी है।
कक्ष निरीक्षक ने भी नहीं दिया ध्यान
बोर्ड परीक्षा में हर कक्ष में दो कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी रहती है। वह उपस्थिति के बाद परीक्षार्थियों की काॅपी पर हस्ताक्षर करते समय उनका प्रवेश पत्र चेक करते है और अपने पास मौजूद प्रपत्र से उसके फोटो का भी मिलान करते हैं, फिर भी वह परीक्षार्थी की पहचान करने में चूक गए।