कस्बा की रामलीला को लेकर आपस में लड़ रहे दोनों गुट एक हो गए हैं। प्रशासन की बनाई कमेटी के अध्यक्ष को हटाने पर अड़ गए हैं। एसडीएम ने इसे देखते हुए शनिवार को तहसील मुख्यालय में कार्यकारिणी सदस्यों की परेड कराने का निर्णय लिया है। बहुमत के आधार पर रामलीला के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
चंडौस में रामलीला को लेकर दो गुटों में एक माह से टकराव चल रहा था। इसे देखते हुए कस्बा के लोगों ने एसडीएम से मुलाकात कर दोनों गुटों के लोगों से अलग एक आयोजन समिति बनाने का आग्रह किया था, जिस पर एक छह सदस्यीय रामलीला आयोजन समिति गठित कर चंडौस चेयरमैन डॉक्टर डीएस भारती को अध्यक्ष बनाकर सदस्य डॉ. धर्मवीर सिंह चौहान, ऋषि शर्मा, पंकज महेशवरी, शिवम वर्मा, महेश तिवारी को बनाया गया। इस पर इस समिति ने तैयारी शुरू कर दी। इस पर आपस में लड़ रही दोनों कमेटिया एक हो गईं और आयोजन समिति के अध्यक्ष को हटाने के साथ वर्ष 2023-24 की 20 सदस्यीय कार्यकारिणी के आधार पर अपने-अपने समर्थन में परेड कराने की मांग की। इस पर एसडीएम गभाना हरिश्चंद्र ने छह सदस्यीय आयोजन समति व दूसरे गुट को आदेश जारी करते हुए शनिवार को तहसील मुख्यालय पर अपने-अपने पक्ष में सदस्यों की परेड कराने का आदेश जारी कर दिया। माना जा रहा है कि अगर जिसके पक्ष में 11 कार्यकारिणी सदस्य अपना समर्थन देंगे, वही 19 सितंबर से होने वाली कस्बे की रामलीला का आयोजन करेगा। इसको लेकर शुक्रवार को दोनों गुट के लोग देर रात तक अपने अपने पक्ष में सदस्यों को लामबंद करते दिखे।