Hathras News: बेटे से मारपीट की पता चलते ही मां की हुई मौत, सदमे से जान जाने की चर्चा, रिपोर्ट दर्ज
बेटे के साथ मारपीट होने की खबर जैसे ही मां को पता लगी, उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। बेटा थाने से घर पहुंचा तो उसे मां के गुजर जाने की पता लगी। बेटे ने आरोप लगाया गया है कि कोतवाली में शिकायत करने पर उनकी मां की हत्या की गई है।
विस्तार
हाथरस में चंदपा के गांव बिसाना में खेत की रखवाली कर रहे किसान व उसके भाई को दबंगों ने जमकर पीटा। मारपीट की शिकायत करने के बाद जब कोतवाली से घर पहुंचा तो मां की मौत की खबर मिली। हमलावरों पर हत्या का आरोप लगाते हुए परिजन व ग्रामीणों ने हंगामा काटा। हंगामे के चलते शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर आनन-फानन मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पुलिस अधिकारियों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करने का आश्वासन देकर मामला शांत किया।
गांव बिसाना गंभीर पट्टी के रहने वाले पीतांबर सिंह का खेत मां तारागढ़ देवी मंदिर के पास है। 27 मार्च रात मंदिर के पास दंगल कार्यक्रम था। रात आसपास के गांव के लोग दंगल से लौट रहे थे। तभी कुछ लोग जल्दी गांव पहुंचने के लिए खेतों से होकर गुजरने लगे। पीतांबर सिंह खेत में खरबूजे की फसल लगाई। रखवाली करने के दौरान उन्होंने लोगों से खेत से निकलने की मना किया। कुछ लोग तो मान गए, लेकिन गांव लखुपुरा के दबंग युवकों ने पीतांबर पर हमला कर दिया। गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। बचाव में आए पीतांबर के चचेरे भाई को भी पीटा। झगड़े के बाद पीतांबर कोतवाली चंदपा पहुंचे और मामले की शिकायत की। पीतांबर ने बताया कि कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें थाने से भेज दिया गया।
रात लगभग साढ़े दस बजे वे गांव पहुंचे तो पता चला कि 58 वर्षीय मां कमला देवी की मौत हो गई। जानकारी से परिवार में कोहराम मच गया। पीतांबर व परिवार के अन्य लोगों ने हमलावरों पर ही हत्या का आरोप लगाया। सभी एकत्रित होकर कोतवाली पहुंच गए तथा जमकर हंगामा काटा। आरोप था कि कोतवाली में शिकायत करने पर उनकी मां की हत्या की गई है। ग्रामीणों के हंगामे पर आस-पास के थानों का भी फोर्स पहुंच गया। पुलिस ने जैसे-तैसे ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए शांत किया।
मारपीट में रिेपोर्ट दर्ज
मारपीट के बाद महिला की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूर्व में मिली शिकायत पर आनन-फानन रिपोट दर्ज कर ली। मारपीट व गाली-गलौज के आरोप में गांव लखुपुरा के धु्रव, रोनक, भानू व छोटू के खिलाफ एफआइआर लिख ली। महिला की मौत को लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला दिया।
सदमे में मौत की चर्चा
परिजन व गांव के कुछ लोग भले ही हत्या का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है। गांव में चर्चा है कि मारपीट के बाद मां को बेटे की मौत की सूचना मिल गई थी, जिस कारण उनकी तबियत बिगड़ गई थी और घबराहट में मौत हो गई। हालांकि परिजन इस बात की पुष्टि नहीं कर रहे हैं। सीओ सादाबाद अमित पाठक ने कहा कि शव पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।