हाथरस: गेमिंग एप व म्यूल खातों से ठगी का खेल, पकड़ से दूर मास्टरमाइंड, दो नए मामले उजागर
सूत्रों के अनुसार मास्टरमाइंड बीच बाजार में गेमिंग एप के जरिये विभिन्न प्रदेशों से रकम इन खातों में मंगाकर ठिकाने लगाता है। देश के 16 राज्यों में साइबर ठगी से हासिल रकम में से 1.03 करोड़ रुपये अलीगढ़ रोड स्थित यूको बैंक के जय दुर्गे ट्रेडर्स फर्म के खाते में आए।
विस्तार
एनसीआरपी पर प्राप्त हो रहीं शिकायत व फाइनेंशियल इंटेलिजेंस यूनिट इंडिया की रिपोर्ट में सामने आ रहे म्यूल खातों का मास्टरमाइंड हाथरस शहर में ही छिपा बैठा है। महज पांच से छह हजार रुपये महीने देने का लालच देकर लोगों की फर्म बनाई जा रही हैं और उनके नाम से चालू खाते खुलवाए जा रहे हैं।
नवंबर में ही म्यूल खाते के दो मामले सामने आ चुके हैं। सूत्रों के अनुसार मास्टरमाइंड बीच बाजार में गेमिंग एप के जरिये विभिन्न प्रदेशों से रकम इन खातों में मंगाकर ठिकाने लगाता है। देश के 16 राज्यों में साइबर ठगी से हासिल रकम में से 1.03 करोड़ रुपये अलीगढ़ रोड स्थित यूको बैंक के जय दुर्गे ट्रेडर्स फर्म के खाते में आए।
यह खाता नगला अलगर्जी निवासी अशोक कुमार सिंह के नाम पर है। 31 अक्तूबर को साइबर सेल में एफआईआर दर्ज की गई। इसके अलावा अलीगढ़ रोड पर ही पेट्रोल पंप के निकट स्थित केनरा बैंक के खाते में 13 राज्यों से 10.39 लाख रुपये पहुंचे। यह खाता सीयल किला गेट निवासी जितेंद्र कुमार का है। 10 दिन बाद भी पुलिस इन खाताधारकों तक नहीं पहुंच सकी है। मई से अब तक म्यूल खातों से जुड़े सात मामले जिले में सामने आ चुके हैं।
दोनों खातों में एक ही मास्टरमाइंड
आशंका है कि दोनों ही खाते एक ही गिरोह द्वारा खुलवाए गए हैं, जो ऑनलाइन गेमिंग व सट्टेबाजी के जरिये ठगी में लिप्त हैं। दोनों बैंकों की दूरी 400 मीटर है और दोनों ही मामले दो दिन के अंतराल पर सामने आए हैं। अब तक हुई छानबीन में यह भी साफ हुआ है कि इन खातों में लेन-देन भी आसपास की तारीखों पर हुए हैं। सूत्रों के अनुसार शहर के घंटाघर व उसके आसपास के क्षेत्र में यह गिरोह सक्रिय है। गिरोह के सदस्य शहर से सटे गांव व मलिन बस्तियों के लोगों को लालच देकर खाता खुलवा रहे हैं।
सहपऊ में हो चुका है पर्दाफाश
अगस्त 2026 में इसी तरह के गिरोह का पर्दाफाश सहपऊ में हो चुका है। राजस्थान के जोधपुर में ठगी की जानकारी के बाद 12 अगस्त को पहली एफआईआर दर्ज हुई। इसके 15 दिन बाद दूसरी एफआईआर हुई, जिनमें छह युवक नामजद किए गए। साइबर सेल के मुताबिक यह गिरोह केवल खाता खोलने तक सीमित था, जबकि शहर में सक्रिय गिरोह ठगी में भी शामिल है।
दोनों म्यूल खातों की जांच के लिए साइबर टीम लगाई है। इनकी विशेष निगरानी की जा रही है। गिरोह से जुड़े सदस्यों तक पहुंचने के लिए कड़ी मिलाई जा रही हैं। सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।-चिरंजीवनाथ सिन्हा, एसपी