न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शारदीय नवरात्र और विजयादशमी पर्व शांतिपूर्वक संपन्न कराने के मकसद से जिलाधिकारी रमेश रंजन ने सुपर जोनल, जोनल और अतिरिक्त जोनल मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगा दी है। इसके साथ-साथ जिले के सभी 10 थानों को सेक्टरों में बांटकर वहां सेक्टर मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी भी लगाई गई है।
नवरात्र में षष्ठी तिथि से पंडालों में दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। पूजा अर्चना के बाद दशमी के दिन से प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हो जाता है। इस दौरान रामलीलाएं भी आयोजित हो रही हैं। इन त्योहारों को शांतिपूर्वक कायम कराने के मकसद से सुपर जोनल, जोनल, अति रिक्त जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं।
इसमें हाथरस व सासनी तहसील में एडीएम (वित्त एवं राजस्व), सादाबाद में सीडीओ और सिकंदराराऊ तहसील क्षेत्र में एडीएम (न्यायिक) को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट नामित किया है। इसके साथ ही चारो तहसीलों के एसडीएम को जोनल मजिस्ट्रेट नामित किया है। अतिरिक्त जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट भी नामित किए गए हैं।
डीएम ने सभी मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए हैं कि दुर्गा पूजा पंडाल, रामलीला मंच के स्थापना की अनुमति देते समय इस बात का ध्यान रखा जाए कि सार्वजनिक आवागमन प्रभावित न हो। मूर्तियों की स्थापना पारंपरिक किंतु खाली स्थान पर ही की जाए। उनका आकार यथासंभव छोटा हो। मैदान में क्षमता से अधिक लोग न रहें। मूर्तियों के विसर्जन के समय छोटे वाहन का प्रयोग किया जाए। न्यूनतम व्यक्ति ही सम्मलित हों। विसर्जन के रूट प्लान, विसर्जन स्थलों का चिन्हांकन, अधिकतम लोगों की संख्या जैसे बिंदुओं की पूर्व में ही योजना बना ली जाए। सभी मजिस्ट्रेटों को डीएम नेे विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। संवाद