न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मुख्यमंत्री ग्राम पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत आवेदन करने वाली ग्राम पंचायतों के स्थलीय सत्यापन के लिए पंचायतराज विभाग की ओर से टीमें गठित कर दी गई हैं। जिले की 25 ग्राम पंचायतों का स्थलीय सत्यापन किए जाने के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं। टीमों के सत्यापन के बाद इनमें से उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 ग्राम पंचायतों को पुरस्कार के लिए शासन को भेजा जाएगा। चयनित होने वाली ग्राम पंचायत को पुरस्कृत किया जाएगा।
शासन के निर्देश पर सीएम ग्राम पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत जिले की 78 ग्राम पंचायतों ने आवेदन किया था। इनके सापेक्ष हुए मूल्यांकन में स्थलीय सत्यापन के लिए 25 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। इन ग्राम पंचायतों का स्थलीय सत्यापन किए जाने के लिए पंचायतराज विभाग की ओर से जिला स्तरीय अधिकारियों की टीमें गठित कर दी हैं। यह टीमें ग्राम पंचायतों में जाकर आवेदन करने वाली ग्राम पंचायत द्वारा दी गई जानकारियों की पुष्टि कर अपनी रिपोर्ट देंगी।
इनमें से 10 उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों का चयन कर इनका ब्योरा शासन को भेजा जाएगा। इसके बाद शासन स्तर टीमें ग्राम पंचायत में भ्रमण कर पुरस्कार के लिए ग्राम पंचायतों का चयन करेंगी। जिला स्तर पर बनाई गई टीमों की ओर से जल्द ही ग्राम पंचायतों का स्थलीय सत्यापन का शुरू कर दिया जाएगा। इसे लेकर आदेश जारी कर दिए गए हैं। संवाद