Hathras: पाइप लाइन डालकर सड़कें खोद तो दीं, सही नहीं कराईं, लोगों को करना पड़ रहा है परेशानी का सामना
शहर के वार्ड संख्या 18 में मुरसान गेट, प्रेमनगर, जागेश्वर, नया मिल, पुराना मिल, विजयनगर, गंगाधर गली आदि इलाके आते हैं। इन इलाकों में अमृत योजना के तहत पाइप लाइन डाली गई। पाइप लाइन डलने के बाद सड़कों को सही तरीके से दुरुस्त नहीं किया गया है। इस कारण मार्ग जर्जर हालत में है।
विस्तार
शहर के वार्ड संख्या 18 में अमृत योजना के तहत बिछाई गई पेयजल पाइप लाइन लोगों के लिए सिरदर्द बनी हुई है। कई गलियों में सड़कों का निर्माण नहीं हुआ हे। बिजली की लाइनें जगह-जगह झूल रही हैं। कुछ हैंडपंप रिबोरिंग के इंतजार में हैं। कुल मिलाकर बजट के अभाव में मूलभूत सुविधाओं का संकट है। यहां महात्मा गांधी पार्क भी बदहाल है।
शहर के वार्ड संख्या 18 में मुरसान गेट, प्रेमनगर, जागेश्वर, नया मिल, पुराना मिल, विजयनगर, गंगाधर गली आदि इलाके आते हैं। इन इलाकों में अमृत योजना के तहत पाइप लाइन डाली गई। पाइप लाइन डलने के बाद सड़कों को सही तरीके से दुरुस्त नहीं किया गया है। इस कारण मार्ग जर्जर हालत में है।
कई गलियों में पाइप लाइन नहीं डाली गई है। काफी घरों में कनेक्शन नही हुए हैं। पाइप लाइन लीकेज के चलते बिन बारिश के जलभराव होता है। वहीं हैंडपंप रिबोर होने का इंतजार कर रहे हैं। इस कारण लोगों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। सार्वजनिक भूमि न होने के कारण शौचालय का निर्माण नहीं हो सका। इस कारण लोगों को मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है। मधुगढ़ी में महात्मा गांधी पार्क बदहाल हालत में है।
बाशिंदों की व्यथा
वार्ड में अमृत योजना के तहत जो पाइप लाइन डाली गई है, वह जगह-जगह लीकेज हो रही है। इस कारण बिन बरसात के जलभराव हो रहा है। जलभराव के चलते गंतव्य की दूरी तय करने में खासी मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है। हम सभासद को 10 में से सात नंबर देते हैं। -मनोज कुमार
हमारे इलाके में पानी की पाइप लाइन डलने के बाद भी पानी नहीं आ रहा है। वहीं हैंडपंप भी खराब हालत में हैं। इस कारण पीने के पानी के लिए दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। मार्ग जर्जर हालत में है। कोई सुनने वाला नहीं है। हम सभासद को 10 में छह नंबर देते हैं। -पुरुषोत्तम वार्ष्णेय
कई गलियों का निर्माण नहीं हुआ है। बाकी कसर अमृत योजना ने पूरी कर दी है। मार्ग जर्जर होने के कारण पैदल चलना मुश्किल हो रहा है। साथ ही इलाके में सफाई के इंतजाम भी पर्याप्त नहीं हैं, इसलिए हम सभासद को 10 में से पांच नंबर देते हैं। -अंतराम
अमृत योजना के तहत कई घरों में पानी के कनेक्शन नहीं हुए हैं। कई बार सभासद ने पत्राचार से अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन आज तक हालत जस के तस हैं। जलभराव की समस्या भी है। हम सभासद को 10 में पांच नंबर देते हैं। -प्रमोद कुमार
रामलाल गंज में सीवर लाइन डलवाई है। कई गलियों का निर्माण कराया गया है। कई लोगों के पीएम आवास बनवाए गए हैं। वृद्धावस्था और विधवा पेंशन भी बंधवाई है। दो सार्वजनिक मूत्रालय का बनवाए गए हैं। अमृत योजना की पाइप लाइन लीकेज होने से क्षेत्रीय लोग परेशान हैं। इस संबंध में मेरे द्वारा अधिकारियों को बताया गया है। मधुगढ़ी में रेलवे की भूमि होने के चलते गांधी पार्क का सौंदर्यीकरण नहीं हो सका है। -संजय सक्सेना, सभासद वार्ड संख्या 18