न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व क्लीनिक का आयोजन किया गया। जिला महिला चिकित्सालय सिकंदराराऊ, सादाबाद और सासनी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित इस विशेष क्लीनिक का लाभ 910 गर्भवती महिलाओं को मिला। कुल 90 हाईरिस्क प्रेगनेंसी (एचआरपी) चिन्हित की गईं। इनकी विशेष देखरेख की व्यवस्था विभाग की ओर से की गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मंजीत सिंह ने बताया कि सुरक्षित मातृत्व स्वास्थ्य पर सरकार का विशेष जोर है। दरअसल सुरक्षित मातृत्व स्वास्थ्य, मां और शिशु दोनों की सुरक्षा से जुड़ा विषय है, इसलिए सरकार ने अभियान को विस्तार देते हुए सभी प्रथम संदर्भित इकाई यानि फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू) पर हर माह की 24 तारीख को क्लीनिक का आयोजन करने का निर्णय लिया है।
नोडल अधिकारी व एसीएमओ डॉ. राजीव गुप्ता ने बताया कि क्लीनिक के दौरान जिले में कुल 910 गर्भवतियों की एएनसी (एंटीनेटल केयर) हुई। इसमें सभी के रक्तचाप, शुगर और पेट की जांच के साथ ही 190 गर्भवती का अल्ट्रासाउंड भी किया गया। डॉ. गुप्ता द्वारा क्लीनिक का पर्यवेक्षण किया गया। संवाद