संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
हाथरस से मुरसान होते हुए सादाबाद तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतें सुनने आ रहे डीएम प्रवीन कुमार लक्षकार ने मुरसान क्षेत्र के गांव गदाई बामौली के समीप सड़क पर घायल अवस्था में पड़े तीन लोगों को अपनी गाड़ी में ले जाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। उन्होंने चिकित्सकों को घायलों का समुचित उपचार करने के निर्देश दिए। सीएचसी से इनमें से एक घायल को गंभीर हालत में आगरा के लिए रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, गांव गदाई के निकट एक कार ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार परवीन पुत्र नसीर खान, आफरीन पत्नी शाहरूख खान और शाहरूख खान पुत्र नसीर खान निवासी कोटा मुरसान घायल हो गए। तीनों बाइक से गांव कोटा से सादाबाद में दवा लेने के लिए आ रहे थे। जब सड़क पर इन घायलों को डीएम ने तड़पते देखा तो उन्होंने मानवता दिखाते हुए आनन फानन में अपनी एस्कॉर्ट गाड़ी के जरिए उन्हें सीएचसी सादाबाद पर उपचार के लिए भर्ती कराया और चिकित्सकों को समुचित उपचार के लिए निर्देशित किया। डीएम की इस कार्य की लोगों ने तारीफ की। सीएचसी पर इस दौरान नायब तहसीलदार राकेशचंद्रा, लेखपाल नरेंद्र देव, मुन्ने खान आदि भी मौजूद रहे।