Hathras News: भाजपा से दावेदारों पर हुआ विमर्श, वार्ड से तीन और अध्यक्ष से चार-चार नाम पर हुई चर्चा
सबसे पहले सभासद के दावेदारों पर विचार विमर्श किया। इसके बाद हाथरस और सिकंदराराऊ नगर पालिकाओं के अलावा देहात की सभी सातों नगर पंचायतों के सभासदों के लिए आए आवेदनों में से तीन-तीन नाम चयनित कर लिए गए। इन्हें ब्रज क्षेत्र कार्यालय को भेजने का फैसला लिया गया।
विस्तार
नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा के गोशाला रोड कार्यालय पर बुधवार को मैराथन बैठकें हुई। सु्बह 10 बजे से देर शाम तक हुई इन बैठकों में सभासद पद से लेकर नगर निकाय अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों तक के नामों पर मंथन किया गया। हर वार्ड से सभासद पद के तीन-तीन दावेदारों के नाम चयनित किए गए वहीं अध्यक्ष पद के आए दावेदारों मेंं से चार-चार नाम तय किए गए।
जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण व पार्टी के अन्य आला पदाधिकारियोंं की मौजूदगी में कई घंटे तक हुए मंथन के बाद इन नामों को आलाकमान तक भेजने का फैसला लिया गया। अब इन नामों पर आलाकमान ही अपनी आखिरी मुहर लगाएगा। सभासद पद के प्रत्याशी ब्रज क्षेत्र संगठन तय करेगा, वहीं अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के नाम प्रदेश नेतृत्व द्वारा तय किए जाएंगे। सभासदी के लेकर नगर निकाय में अध्यक्ष पद के लिए सबसे ज्यादा दावेदार भाजपा में हैं। ऐसे मेंं भाजपा में ही टिकट के लिए घमासान मचा हुआ है। लगातार आवेदन आ रहे हैं। इन्ही आवेदनों में से कुछ प्रबल दावेदारो के नाम चयनित करने के लिए पार्टी की कोर कमेटी की बैठकें बुधवार की सुबह 10 बजे से ही शुरू हो गई। वहां कार्यकर्ताओं के साथ-साथ टिकट के इच्छुक दावेदारों की भीड़ लग गई। हर नगर पंंचायत व नगर पालिका को दावेदारों को लेकर पार्टी की जिला स्तरीय कोर कमेटी की बैठकें हुई।
सबसे पहले सभासद के दावेदारों पर विचार विमर्श किया गया। इसके बाद हाथरस और सिकंदराराऊ नगर पालिकाओं के अलावा देहात की सभी सातों नगर पंचायतों के सभासदों के लिए आए आवेदनों में से तीन-तीन नाम चयनित कर लिए गए। इन्हें ब्रज क्षेत्र कार्यालय को भेजने का फैसला लिया गया। वहीं से सभासद पद के प्रत्याशी फाइनल होंगे। इसके बाद शाम को नगर निकायों के अध्यक्ष पद के दावेदारों के सिलसिले में पार्टी के जिला कार्यालय पर बैठक हुई।
इसमें जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण, जिले के भाजपा के प्रभारी देवेंद्र चौधरी, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, सांसद राजवीर दिलेर, सदर विधायक अंजुला माहौर, जिलाध्यक्ष गौरव आर्य, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राना, जिला महामंत्री हरीशंकर राना, रूपेश उपाध्याय, ब्रज क्षेत्र की मंत्री डौली माहौर आदि मौजूदगी में कई घंटे तक बैठक हुई। दो चरणों में हुई बैठक में हर नगर निकाय अध्यक्ष के दावेदारों के नाम पर विचार विमर्श हुआ। देर शाम इनमें से चार-चार प्रबल दावेदारों के नाम आलाकमान को भेजने का निर्णय लिया गया।
पूर्व सांसद ने किया आवेदन, चौंके सभी
हाथरस नगर पालिकाध्यक्ष के लिए देर रात पूर्व सांसद राजेश दिवाकर ने अपना आवेदन कर सभी को चौंका दिया। वह वर्ष 2014 से वर्ष 2019 तक हाथरस संसदीय सीट से सांसद रहे हैं। इससे पहले उनकी पत्नी श्वेता दिवाकर ने भी आवेदन किया था। वहीं राजेश दिवाकर के आवेदन करने के बाद उनका नाम काफी मजबूती से लिया जा रहा है।
दावेदार बैठाते रहे लिस्ट में अपना नाम शामिल कराने लिए जुगत
पूरे दिन कार्यालय पर कमरे में बैठकें होती रही और दावेदार अपनी जुगत बैठाते रहे। दावेदार यह जुगत बैठाते रहे कि जिला स्तर से जो सूची जा रही है। उसमें उनका नाम शामिल हो जाए। इसे लेकर कई बार शोर शराबा भी हुआ। कार्यकर्ताओं का जमघट भी पूरे दिन कार्यालय पर लगा रहा।
आवेदकों में मची रही स्वागत करने की होड़
इतना ही नहीं देर शाम तक आवेदन आते रहे और आवेदनकर्ताओं के बीच शक्ति परीक्षण जैसी स्थिति रही। यह दावेदार अपने साथ फूलमाला और प्रतीक चिन्ह लेकर आए और साथ ही कोर कमेटी के सदस्यों व प्रभारी मंत्री का स्वागत करते रहे। इसे लेकर भी होड़ मची रही।