हाथरस सड़क हादसा: सिकंदराराऊ में टेंपो में बस ने पीछे से मारी टक्कर, दो सगी बहनों समेत चार की मौत
बस ने पीछे से टेंपो में टक्कर मार दी। हादसे में दो सगी बहनों समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
विस्तार
सिकंदराराऊ में रविवार दोपहर करीब एक बजे ग्राम बिलार के निकट एक भीषण सड़क हादसा हुआ। सिकंद्राराऊ जा रहे एक टेंपो में पीछे से टर्न ले रही एक प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी। प्रारंभिक सूचना के अनुसार हादसे में दो सगी बहनों समेत चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में छोटी और मोती नाम की दो सगी बहनें हैं।
टेंपो में सवार सभी लोग जिला अलीगढ़ के बरला के नगला कस्ताब क्षेत्र के निवासी थे। वे गुरुग्राम में काम करते थे और एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। ये लोग गुरुग्राम से सिकंद्राराऊ के नौरंगाबाद में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे। यहां हाजी वारिस की बेटी की शादी का कार्यक्रम था। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर खून बिखर गया।
बताया जा रहा है कि अलीगढ़ जिले के श्रद्धा हॉस्पिटल में भर्ती घायल बच्चा पहाद पांच साल और महिला सबीना 35 साल की भी मौत हो गई है। इस तरह से अभी चार लोगों के मौत की खबर आ रही है। यह सभी लोग गुरुग्राम में फेरी लगाने का काम करते थे । मरने वालों में नंद-भाभी और भतीजा है। यह भी बताया जा रहा है कि बस वाला टक्कर मारने के बाद टेंपो को घसीटता हुआ ले गया और मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा मृतकों और घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी की जा रही है।
बचाव और उपचार
हादसे के बाद मौके पर जिला प्रशासन, पुलिस, एंबुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें पहुंची। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया है। कुछ घायलों को अकराबाद सीएचसी भेजा गया। गंभीर घायलों को उपचार के लिए अलीगढ़ भेजा गया। दो मृतकों के शव सिकंद्राराऊ सीएचसी लाए गए, फिर पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेजे गए।
पुलिस जांच जारी
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। घायलों और मृतकों की संख्या पर विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
सीओ सिकंदराराऊ का आया बयान
आज 22 नवंबर को थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम बिलार के पास एक आँटो तथा एक बस के मध्य घटित सड़क दुर्घटना में तीन लोगो की दुःखद मृत्यु हो गयी है तथा चार व्यक्ति घायल हैं। घायलो को समुचित चिकित्सा व्यवस्था हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शवो को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है । मौके पर कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है । पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है । - सीओ, सिकंदराराऊ
