Hathras News: बस ने टेंपो को मारी टक्कर, बुआ-भतीजी की मौत, नौ घायल
चंदपा थाना क्षेत्र में गांव केवलगढी के पास जैसे ही टेंपो पहुंचा, वैसे ही सामने से आ रही एक रोडवेज बस ने टेंपो में टक्कर मार दी, जिससे टेंपो पलट गया। इसमें सवार 11 लोग घायल हो गए।
विस्तार
चंदपा थाना क्षेत्र में गांव केवलगढ़ी के निकट आगरा से हाथरस की ओर तेज गति से जा रही रोडवेज बस ने सवारियों से भरे टेंपो में टक्कर मार दी, जिससे टेंपो पलट गया। हादसे में टेंपो में सवार एक बच्ची और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। दोनोें रिश्ते में बुआ-भतीजी थीं, जबकि नौ लोग घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। किसी तरह क्षतिग्रस्त टेंपो से ही घायलों व मृतकों को निकालकर सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां से दो गंभीर घायलों को आगरा रेफर कर दिया गया। मौके पर एसडीएम संजय कुमार, प्रभारी तहसीलदार अंजली सिंह, नायब तहसीलदार अशोक गुप्ता के अलावा चंदपा और सादाबाद थाने की पुलिस पहुंच गई। अफसरों ने घटना की जानकारी ली और मृतक के परिजनों को ढांढ़स बंधाया।
18 फरवरी की रात हाथरस के गांव ढकपुरा निवासी ललित पुत्र मान सिंह की शादी थी। ढकपुरा से बरात एटा जिले के जलेसर क्षेत्र के गांव ऊंचागांव गई थी। 19 फरवरी की दोपहर को सभी जलेसर से लौटकर ढकपुरा हाथरस आ गए। यहां से सभी रिश्तेदार विदा होकर अपने-अपने घर लौट रहे थे।
टेंपो में करीब 8 वर्षीय आदित्य पुत्र वीरू निवासी कोटा राजस्थान, करीब 35 वर्षीय अनीता पत्नी वीरू निवासी कोटा राजस्थान, करीब 13 वर्षीय नैना पुत्री सुभाष निवासी मेहताब बाग आगरा, बाबू पुत्र जितेंद्र निवासी प्रेम नगर कोटा राजस्थान, 14 वर्षीय पायल पुत्री वीरू निवासी कोटा बाग राजस्थान, 24 वर्षीय राखी निवासी कोटा राजस्थान, 60 वर्षीय शीला निवासी कोटा बूंदी राजस्थान, नौ वर्षीय काजल निवासी कोटा बूंदी राजस्थान, छह वर्षीय अंशू पुत्र वीरू निवासी कोटा राजस्थान, 8 वर्षीय शौर्य निवासी कोटा बूंदी राजस्थान और 25 वर्षीय कृष्णा पुत्र जगदीश निवासी महावन मथुरा सवार थे।
इन लोगों के मुताबिक चंदपा थाना क्षेत्र में गांव केवलगढी के पास जैसे ही टेंपो पहुंचा, वैसे ही सामने से आ रही एक रोडवेज बस ने टेंपो में टक्कर मार दी, जिससे टेंपो पलट गया। इसमें सवार 11 लोग घायल हो गए। इनमें से घायल आदित्य व कृष्णा को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया, जबकि घायल अनीता और नैना की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों बुआ-भतीजी थीं।
हादसे के बाद मौके से रोडवेज बस भाग गई। इधर, कई घायल सीएचसी पर इलाज कराने के बाद चले गए। घटना की जानकारी जैसे ही मृतक के परिवारीजनों को हुई तो उनमें कोहराम मच गया। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतकों के परिजन सादाबाद सीएचसी पर पहुंच गए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेजा है। इधर, क्षतिग्रस्त टेंपो को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।