हाथरस। संविलियन विद्यालय नगला इमलिया में तैनात सहायक अध्यापक ने शराब के नशे में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर 300 रुपये प्रति कर्मचारी की मांग की। शिक्षक पर सीडीओ के नाम पर धमका कर रुपये मांगने का आरोप है। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक को कारण बताओ नोटिस दिया है।
बीएसए स्वाति भारती ने कहा कि संविलियन विद्यालय नगला इमलिया में तैनात सहायक अध्यापक मनीष प्रताप गौतम पर आरोप है कि वह 31 दिसंबर की शाम लगभग 4:15 बजे शराब के नशे में धुत होकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे। मुख्य द्वार पर रोके जाने पर उन्होंने स्वयं को मुख्य विकास अधिकारी द्वारा भेजे जाने की बात कहते हुए जबरन कार्यालय में प्रवेश कर गए। शिक्षक ने कार्यालय के विभिन्न कक्षों में जाकर सीडीओ के नाम पर नव वर्ष के लिए 3000 रुपये प्रति कर्मचारी की मांग की। पैसे नहीं देने पर फाइलें रोकने व निरीक्षण कर वसूली कराने की धमकी दी। कर्मचारियों से जबरन रुपये भी लिए। कार्यालय कर्मचारियों ने यह भी बताया कि नशे की हालत में आरोपी शिक्षक ने एक कर्मचारी के कंधे पर हाथ रखकर उसे जबरदस्ती बाहर ले जाने का प्रयास किया। बीएसए ने बताया कि मामले की जानकारी डीएम, मुख्य विकास अधिकारी, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक अलीगढ़ मंडल को भी भेज दी गई है। इधर, सीडीओ पीएन दीक्षित ने बताया कि मेरे नाम पर कोई कुछ कर रहा है तो उसे निलंबित करें। शराब पीकर आने वाला तो कुछ भी कर सकता है। मेरा इस मामले से कोई संबंध नहीं है।