Hathras News: छह घंटे तक रहा जाम, 15 किमी तक फंसे रहे हजारों वाहन, यात्रियों का हुआ हाल-बेहाल
भाई दूज के पर्व पर बहनों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग लगातार छह घंटे तक जाम रहा। करीब 15 किमी तक हजारों वाहनों की कतारें लगी रहीं। वाहनों की लंबी लाइन के जाम को खुलवाने में पुलिस के पसीने छूट गए।
विस्तार
भाई दूज के मौके पर सड़कों पर निकली वाहनों की भीड़ ने वैसे तो सभी मार्गों पर जाम के हालात पैदा कर दिए, लेकिन आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग लगातार छह घंटे जाम से जूझता रहा। करीब 15 किमी तक हजारों वाहनों की कतारें लगी रहीं। जाम का असर हाथरस शहर और सासनी कस्बे के अंदरूनी बाजारों में भी दिखा। सुबह से लेकर शाम ढलने तक वाहनों का कारवां रेंग-रेंगकर आगे बढ़ता रहा। बड़ी संख्या में रोडवेज बसें और अन्य वाहनों में सवार यात्री जाम खुलने का इंतजार करते-करते थक गए। जाम खुलवाने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
सबसे अधिक खराब स्थिति कस्बा सासनी में रही। यहां वाहनों के आपस में उलझने के कारण हाथरस व अलीगढ़ की ओर लगभग 15 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी रही। लगभग पांच घंटे तक वाहन आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर जाम में फंसे रहे। इस दौरान भाई दूज पर भाई का तिलक करने जा रहीं बहनों को घर पहुंचने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। सासनी कोतवाली पुलिस ने मौके पर मोर्चा संभाला। कोतवाली चौराहे से लेकर बरसे एवं कोतवाली चौराहे से लेकर समामई तक करीब 15 किलोमीटर दूर तक वाहनों की लंबी लाइन के जाम को खुलवाने में पुलिस के पसीने छूट गए। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक केशवदत्त शर्मा एवं थाने का पूरा पुलिस बल देर शाम तक जाम खुलवाने के लिए जूझता रहा।
कई घंटे की देरी से भाइयों के घर पहुंचीं बहनें
भाई दूज पर बुधवार को भाइयों के घर पहुंचने के लिए बहनों को लंबा इंतजार करना पड़ा। अपना वाहन हो या फिर रोडवेज बस, सभी में भीड़ के चलते महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से उपवास रखने वाली बहनों का इंतजार करते-करते हाल बेहाल हो गया। बड़ी संख्या में यात्रियों को वाहनों से उतरकर पैदल यात्रा करते हुए भी देखा गया।
एंबुलेंस को निकालने पर रहा पुलिस का जोर
आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम में कई एंबुलेंस भी फंसी रहीं। इस दौरान पुलिस का पूरा ध्यान एंबुलेंस को निकालने पर केंद्रित रहा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत करके जाम से इन्हें निकलवाया। जाम में फंसे वाहनों में सवार बच्चे रोते-बिलखते दिखाई दिए।
ऑटो व ई-रिक्शा चालकों ने की मनमानी
जाम में फंसे यात्रियों से ऑटो चालक एवं ई रिक्शा चालक ने मुंहमांगा किराया वसूला। बसों से उतरकर अंदरूनी रास्तों से गंतव्य तक पहुंचने की कोशिश में जुटे यात्रियों ने मुंहमांगा किराया देने में भी कोई कोताही नहीं बरती। वाहनों के आसपास खड़े खान-पान का सामान बेचने वालों की भी खूब बिक्री हुई।
मैं अपने भाई की दूज कर अलीगढ़ से लौट रही हूं। जाम लगा होने के कारण मैं बरसे से पैदल चलकर सासनी तक पहुंची हूं। -प्रेमवती देवी निवासी हाथरस
मैं अपने भाई के दूज करने के लिए हाथरस जंक्शन से आई हूं। जाम की वजह से कोई वाहन नहीं मिला तो पैदल ही यात्रा कर सासनी तक आई हूं। -शीला देवी, सासनी
मैं दयालबाग आगरा से बीटेक कर रहा हूं। जाम होने के कारण रोडवेज बस ने बरसै पर उतार दिया। वहां से पैदल चलकर दो घंटे में यहां तक पहुंचा हूं। -महक वार्ष्णेय, छात्र
आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर भीषण जाम लगा हुआ है। मैं पांच घंटे तक जाम में फंसी रही। पैदल चलकर बुरा हाल हो गया है। अलीगढ़ जाना है। अभी सासनी पहुंची हूं।-शांति देवी, यात्री