हरदोई। पुलिस महानिरीक्षक किरण एस ने शनिवार शाम पुलिस लाइन सभागार में राजपत्रित अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने देहात कोतवाली का निरीक्षण भी किया। बैठक में महिला संबंधी अपराधों को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की नसीहत आईजी ने दी। साथ ही लंबित विवेचनाओं का निस्तारण भी समय से करने के निर्देश दिए।
आईजी किरण एस ने पुलिस लाइन सभागार में समीक्षा करते हुए निर्देश दिए किए कि त्योहारों के मद्देनजर सतर्कता बरती जाए। संवेदनशील स्थानों की विशेष निगरानी की जाए। लूट, छिनैती और हत्या जैसी घटनाएं न होने दी जाएं। लंबित विवेचनाओं का निस्तारण गुणदोष के आधार पर जल्द से जल्द करने के निर्देश उन्होंने दिए। न्यायालय में लंबित मामलों की पैरवी मजबूती से करने की बात भी आईजी ने कही। देहात कोतवाली के निरीक्षण में उन्होंने अभिलेखों का परीक्षण किया। मिशन शक्ति कक्ष, महिला हेल्पडेस्क, हवालात, शस्त्रागार आदि का भी जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध गौतम और सभी क्षेत्राधिकारी भी मौजूद रहे।