फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Hardoi News ›   Politics on the Streets: Fresh Spat Over Credit for Securing Approval Ahead of Foundation Stone Laying

सड़क पर सियासत : शिलान्यास से पहले मंजूरी दिलाने के श्रेय पर फिर तकरार

Mon, 04 May 2026 11:37 PM IST
Kanpur	 Bureau कानपुर ब्यूरो
Updated Mon, 04 May 2026 11:37 PM IST
विज्ञापन
Politics on the Streets: Fresh Spat Over Credit for Securing Approval Ahead of Foundation Stone Laying
फोटो-27-पत्रकार वार्ता के दौरान सड़क निर्माण की मांग से जुड़े अभिलेख दिखाते सांसद जय प्रकाश साथ में भाजपा नेता पारुल दीक्षित। संवाद
विज्ञापन

- पिहानी चुंगी से खेतुई तक सड़क के चौड़ीकरण का 67.97 करोड़ रुपये से होना है काम
- आबकारी मंत्री को आज करना है निर्माण कार्य का शिलान्यास
संवाद न्यूज एजेंसी

हरदोई। पिहानी चुंगी से सिनेमा चौराहा और लखनऊ चुंगी होते हुए खेतुई तक सड़क के चौड़ीकरण पर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। निर्माण कार्य स्वीकृत कराने को लेकर सदर सांसद जय प्रकाश और आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल एक बार फिर आमने सामने हैं। आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल को मंगलवार को उक्त कार्य का शिलान्यास खेतुई के पास करना है। इसकी जानकारी मिलने पर सांसद जय प्रकाश ने मोर्चा खोल दिया। दावा किया कि सड़क के चौड़ीकरण का काम उनके प्रयासों से मंजूर हुआ है। उन्हें विश्वास में लिए बिना शिलान्यास कराए जाने की जानकारी पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय को भी पूरे मामले की जानकारी पत्र लिखकर दिए जाने की बात सांसद ने कही है। दरअसल बीती तीस मार्च को शासन ने 67 करोड़ 97 लाख 86 हजार रुपये से 10.500 किलोमीटर लंबे उक्त कार्य को मंजूरी दी थी।

इनसेट
मेरे प्रयास से मंजूर हुई सड़क तो मुझे भी देनी चाहिए थी शिलान्यास की सूचना
आम तौर पर बेहद सौम्य और शांत माने जाने वाले सदर सांसद जय प्रकाश सोमवार को अपने आवास पर पत्रकारों से मुखातिब हुए। पश्चिम बंगाल और आसाम समेत अन्य राज्यों में भाजपा की जीत की शुभकामनाओं के साथ उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर रविवार शाम से एक मैसेज चल रहा है। इसके मुताबिक सदर विधायक (आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल) पिहानी चुंगी से खेतुई तक होने वाले सड़क चौड़ीकरण और डिवाइडर के निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगे। सांसद ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि उक्त कार्य के लिए वर्ष 2023 से प्रयास कर रहे थे। तीन साल की मशक्कत के बाद कार्य को मंजूरी मिली। पूरा हरदोई जानता है कि किसके प्रयासों से उक्त प्रस्ताव मंजूर हुआ। प्रमुख सचिव से मिलकर सड़क की मंजूरी के लिए कहा। इसके बाद मुख्यमंत्री से भी मिले और सड़क मंजूर हो गई। कहा कि सड़क मेरे प्रयास से मंजूर हुई है तो शिलान्यास की सूचना मुझे भी देनी चाहिए थी।
विज्ञापन


इनसेट
दूसरों के काम का श्रेय लेना ठीक नहीं, पैसा किसी के पिता का नहीं
सांसद जय प्रकाश ने पूरे मामले पर कहा कि दूसरे के कराए कार्याें पर श्रेय लेना आबकारी मंत्री को बंद करना चाहिए। यह ठीक नहीं है। शहर में जलनिकासी और सीवरेज के मुद्दे पर आबकारी मंत्री भी प्रयास करें। हम भी इसमें सहयोग करेंगे। शहर में और भी विकास कार्य कराएं, उसमें भी सहयेाग करेंगे, लेकिन दूसरे के कार्याें का श्रेय ले लेना ठीक नहीं है। उन्होंने तल्ख शब्दों में कहा कि पैसा सरकार का है, किसी के पिता के नहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन


इनसेट
शिलापट के प्रोटोकॉल पर भी सवाल
बीती एक मई को आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने शहर के सिनेमा चौराहा पर बनाए गए भगवानबुद्ध चौक का भी लोकार्पण किया था। इस पर भी सवाल उठाते हुए सांसद ने दावा किया कि शासनादेश में प्रोटोकॉल का उल्लेख है। शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि शिलापट पर क्षेत्रीय सांसद का भी नाम होना चाहिए। यहां लगी भगवान बुद्ध की प्रतिमा को उनके कद के हिसाब से छोटा बताते हुए कहा कि प्रशासन से यहां बड़ी प्रतिमा लगाने की अनुमति विधिक तौर पर मांगेंगे। अगर अनुमति मिली तो भगवान बुद्ध की भव्य प्रतिमा स्थापित कराएंगे।

इनसेट
हरदोई सदर का विकास पूछो तो हकलाने लगते हैं....
सांसद जय प्रकाश सोमवार को बेहद आक्रामक नजर आए। उन्होंने कहा कि वर्ष 1991 से 2004 के बीच वह तीन बार हरदोई से सांसद रहे। तब जो विकास कार्य कराए वह आज भी नजर आते हैं। नितिन अग्रवाल का नाम लिए बिना कहा कि सदर विधायक से कोई उनके पिछले बीस साल के काम पूछ दें तो विधायक हकलाने लगते हैं।

इनसेट
मीडिया से लेकर समर्थकों तक को शिलान्यास कार्यक्रम का संदेश
मंगलवार को होने वाले शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल के खेमे से मीडिया से लेकर समर्थकों तक को सूचना दी जा रही है। आबकारी मंत्री के खेमे से मीडिया संबंधी कार्य देखने वाले नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष राम प्रकाश शुक्ला ने इसे लेकर मीडिया को आमंत्रित किया है। इसके अलावा आबकारी मंत्री की ओर से सभासद प्रतिनिधि प्रियम मिश्रा, सभासद अमित त्रिवेदी, अजीत सिंह आशा आदि की तरफ से भी समर्थकों को संदेश भेजा गया है।

इनसेट
अधिशासी अभियंता बोले... आबकारी मंत्री का निजी कार्यक्रम
पूरे मामले पर लोक निर्माण विभाग के खंड एक के अधिशासी अभियंता मनिंदर सिंह ने पल्ला झाड़ लिया। शिलान्यास की बात से इनकार करते हुए कहा कि भूमि पूजन का कार्यक्रम है। सांसद को न बुलाए जाने के सवाल पर अधिशासी अभियंता ने सरकारी आयोजन होने से ही इनकार कर दिया। कहा कि आबकारी मंत्री का निजी कार्यक्रम है। लोक निर्माण विभाग की ओर से कोई कार्यक्रम नहीं है।


वर्जन
शिलान्यास कार्यक्रम की जानकारी मुझे नहीं थी। सांसद ने फोन पर पूरी जानकारी देकर आपत्ति दर्ज कराई है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए गए हैं कि विभागीय नियमों के अनुसार ही कोई निर्णय करें।
अनुनय झा
डीएम
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed