Hardoi: गर्रा में मिले युवती के शव की शिनाख्त, मौत की वजह को लेकर उलझा पेंच, जांच में सामने आई ये बात
Hardoi News: पाली के प्रभारी निरीक्षक एके राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। युवती के पिता से पूछताछ की गई है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
विस्तार
हरदोई जिले में पाली थाना क्षेत्र के मेहंदीपुर गांव के पास गर्रा नदी में मिले युवती के शव की शिनाख्त सोमवार को हो गई। शिनाख्त होने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। युवती की मौत को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है और पुलिस ने भी युवती के पिता से पूछताछ की है।
रविवार को मेहंदीपुर में एक युवती का शव गर्रा में मिला था। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया था और शिनाख्त की कोशिश की थी। पहचान न हो पाने पर शव मोर्चरी में रखवा दिया था। सोशल मीडिया पर वायरल फोटो को देखकर कुछ लोगों ने युवती के बारे में पुलिस को सूचना दी।
इस पर पुलिस ने पाली कस्बे के मोहल्ला रामनगर निवासी एक शख्स को बुलाकर पूछताछ की तो उसने युवती की शिनाख्त बेटी के रूप में कर ली। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर पता चला है कि युवती की मां ने दूसरी शादी की थी। युवती मां की पहली शादी की संतान थी।
एक युवक से थीं युवती की नजदीकियां
बीती 25 अप्रैल को परिजनों को युवती की नजदीकियां एक युवक से होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद युवती को काफी डांटा गया था। युवती के पिता का कहना है कि उसने डांट से नाराज होकर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी और इसके चलते पिता ने शव नदी में डाल दिया।
जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा
हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने नहीं आई है, लेकिन शव कई दिन पुराना होने के कारण गल जाने और इसके चलते वजह स्पष्ट न होने की बात भी कही गई है। पाली के प्रभारी निरीक्षक एके राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। युवती के पिता से पूछताछ की गई है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।