हरदोई। शहर के बिलग्राम चुंगी के निकट स्थित कृषि महाविद्यालय में शिक्षण कार्य शुरू कराए जाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अवध प्रांत के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। साथ ही जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंप कार्रवाई कराए जाने की मांग की।
कलक्ट्रेट परिसर में सिटी मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव को ज्ञापन सौंपते हुए नगर मंत्री श्रेय मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थी परिषद अपने स्थापना काल से छात्र हित में कार्य करती आ रही है। जनपद में बिलग्राम चुंगी स्थित कृषि महाविद्यालय जिसका निर्माण कई वर्षों पूर्व पूर्ण हो चुका है लेकिन शिक्षण कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ है। जिसके कारण छात्रों को कृषि शिक्षा के लिए अन्य जिलों में भटकना पड़ता है। इसलिए समस्याओं को देखते हुए शिक्षण कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जाए। इस मौके पर नैमिष द्विवेदी, सुबोध कुमार, युवराज दीक्षित, आर्यन गुप्ता, राहुल जोशी, दीपक जोशी, अर्पण शर्मा आदि मौजूद रहे।