Hardoi: ‘मुझे नौलखा मंगा दे’ गाने पर विवाद, जनाती-बराती भिड़े...दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, पढ़ें पूरा मामला
Hardoi News: वर पक्ष की तरफ से नशे में एक व्यक्ति ने मुझे नौलखा मंगा दे... गाने को लेकर विवाद कर दिया। इस पर कन्या पक्ष के लोगों ने डीजे का तार ही निकाल दिया। इस पर दोनों तरफ के लोगों में विवाद होने लगा। विवाद शांत कराया गया, लेकिन इसी बीच जनाती लाठी-डंडों से बरातियों को पीटने लगे।
विस्तार
हरदोई जिले में मंगलवार रात क्षेत्र के लिलवल गांव में आई बरात में डीजे पर पसंद का गाना मुझे नौलखा मंगा दे... बजाने को लेकर कन्या व वर पक्ष के लोगों में विवाद हो गया। इस पर जनाती एकत्र हो गए और बरातियों की दौड़ा-दौड़ा कर उनकी पिटाई कर दी। मामले में 12 से अधिक बरातियों को चोटें आईं।
हंगामे में बरात में आए वाहनों के शीशे भी टूट गए। बरातियों ने रात में ही घर वापसी कर अपनी जान बचाई। लिलवल गांव में मंगलवार को मंझिला थाना क्षेत्र के संकरीपुर गांव से बरात आई थी। कन्या पक्ष ने बरातियों का स्वागत किया और द्वारचार की रस्म के बाद करीब 11 बजे बराती जयमाल पंडाल पहुंच गए।
जयमाल की तैयारी चल रही थी। यहीं पर डीजे पर दोनों पक्ष के लोग नाच रहे थे, तभी वर पक्ष की तरफ से नशे में एक व्यक्ति ने मुझे नौलखा मंगा दे... गाने को लेकर विवाद कर दिया। इस पर कन्या पक्ष के लोगों ने डीजे का तार ही निकाल दिया। इस पर दोनों तरफ के लोगों में विवाद होने लगा। विवाद शांत कराया गया, लेकिन इसी बीच जनाती लाठी-डंडों से बरातियों को पीटने लगे।
दूल्हे के चचेरे भाई और लड़की के मौसा थाने में हैं
इससे बरात में अफरा-तफरी मच गई। बचने के लिए किसी तरह बराती जनवासे भागे लेकिन, गांव के लोगों ने वहां पर भी मारपीट की। दूल्हे के चचेरे भाई ने डायल-112 को सूचना दी। बुधवार सुबह शादी की रस्म पूरी कराई गईं। मामले में दूल्हे के चचेरे भाई और लड़की के मौसा थाने में हैं। दोनों पक्ष के परिजन थाने के बाहर डटे रहे। थानाध्यक्ष भावना भारद्वाज ने बताया कि दोनों लोगों में समझौता हो गया।