हरदोई। जमीन पर उतरकर संघर्ष करने के लिए मशहूर रहे सपा जिलाध्यक्ष शराफत अली शनिवार को पुरानी रौ में नजर आए। मामला समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक का है। बेहद तल्ख अंदाज में जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता फेसबुक की राजनीति करना बंद कर दें। बूथ स्तर पर जाकर काम करें, ताकि संगठन मजबूत हो।
नगर पालिका परिसर में आयोजित मासिक बैठक में सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता फेसबुक पर ही राजनीति कर लेते हैं। बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) बनाए जाने से लेकर स्नातक चुनाव के लिए मतदाता जोड़े जाने का काम गंभीरता से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चार अक्तूबर 1992 को मुलायम सिंह यादव ने सपा का गठन किया था। स्थापना दिवस पर कार्यकर्ता संकल्प लें कि संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे। संस्थापकों को नमन भी किया गया। बैठक को बिलग्राम मल्लावां विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रहे ब्रजेश वर्मा टिल्लू, प्रदेश सचिव डॉ. अरुण मौर्या, जिला उपाध्यक्ष राहुल गुप्ता, फूलचंद्र वर्मा, अजय सिंह पाल, अमित वाजपेयी आदि मौजूद रहे।