डायट में पढ़ाएंगे प्राइमरी, जूनियर के टीचर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरदोई। बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक और जूनियर स्कूलों के टीचरों को डायट ने प्रशिक्षक के रूप में कार्य करने का अवसर देने का निर्णय लिया है। जिला प्रशिक्षण एवं शिक्षण संस्थान (डायट) ने इसके लिए विषय विशेषज्ञ टीचरों से आवेदन पत्र मांगे हैं। कहा है कि डायट में प्रशिक्षक के रूप में बीटीसी प्रशिक्षुओं को पढ़ाने के इच्छुक टीचर 26 मार्च तक अपने आवेदन पत्र संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी से अनापत्ति प्रमाणपत्र के साथ जमा कर सकते हैं। इस मामले में ऐसे शिक्षकों के आवेदन पत्रों को खारिज कर दिया जाएगा जो एकल शिक्षक के रूप में विद्यालय में तैनात हैं।
डायट प्राचार्या मीरा पाल ने बताया कि गणित, विज्ञान, कंप्यूटर, अंग्रेजी, सामाजिक विषय, उर्दू, संस्कृत, शारीरिक शिक्षा आदि विषयों में विशेष योग्यता रखने वाले प्राथमिक एवं जूनियर स्कूलों के विशेषज्ञ शिक्षकों को बतौर प्रशिक्षक डायट में प्रशिक्षण देने के लिए रखे जाने का निर्णय लिया गया है। यह तैनाती अस्थाई होगी और इसको लेकर किसी प्रकार का वाद विवाद या दावा नहीं किया जाएगा।
वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर बीटीसी प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण देने के लिए हो रही तैनाती के बाद शिक्षकों को कोई अलग से भत्ता या फिर अतिरिक्त मानदेय देय नहीं होगा। उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 26 मार्च है।
ज्ञात हो कि कुछ वर्ष पहले भी डायट द्वारा कुछ विषय विशेषज्ञ शिक्षकों को अपने यहां बतौर प्रशिक्षक तैनाती दी गई थी तथा उन लोगों ने कई वर्षों तक कार्य किया था मगर बाद में सभी को यह कह कर डायट ने उनके मूल तैनाती स्थल स्कूलों के लिए रिलीव कर दिया था कि अब शिक्षकों के स्थान पर नई तैनाती की जाएगी। जिसको लेकर काफी वाद विवाद भी हुआ था। अब एक बार फिर डायट ने शिक्षकों को बतौर प्रशिक्षक अपने यहां तैनात करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में डायट प्राचार्या ने कहा कि आवेदन आने के बाद आगे की कार्यवाही होगी अभी और कुछ कह पाना मुश्किल है।