हरदोई: कुएं में गिरने से छह वर्षीय मासूम की मौत, कुआं पूजन की रस्म के दौरान हादसा, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Hardoi News: कासिमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अलादादपुर नेवादा गांव में शनिवार देर रात शादी समारोह के दौरान कुआं पूजन की रस्म के वक्त कुएं में गिरने से छह वर्षीय मासूम की मौत हो गई।
विस्तार
हरदोई जिले में कासिमपुर थाना क्षेत्र के अलादादपुर नेवादा गांव में अपने मौसेरे भाई की शादी समारोह में मां के साथ एक शामिल होने के लिए आए मासूम की शनिवार देर रात कुएं पूजन के दौरान कुएं मे गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के अलादादपुर नेवादा गांव निवासी सुखदेव के पुत्र नीरज की शनिवार को बरात थी। बरात जाने से पहले गांव में ही स्थित घर और रिश्तेदार महिलाएं कुएं पूजन की रस्म कर रही थी। पूजन के दौरान उन्नाव जनपद के बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के हर्रईपुर गांव निवासी योगेश कुमार का छह वर्षीय पुत्र दीपांशु अचानक कुएं में गिर गया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जब तक ग्रामीण दीपांशु को निकालते तब तक उसकी मौत हो गई। मृतक के परिवार में एक बड़ी बहन है। मृतक की मां बबली का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक शनिवार को सुबह अपने मौसेरे भाई नीरज के पुत्र की शादी समारोह में अपनी मां बबली के साथ शामिल होने आया था। प्रभारी निरीक्षक घनश्याम राम ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
