पीडब्ल्यूडी जेई ने प्रशासनिक अफसर को पीटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरदोई। ऑपरेटर से पहले पत्र टाइप कराने पर गुरुवार को पीडब्ल्यूडी प्रथम खंड में प्रशासनिक अधिकारी और जेई में विवाद हो गया। जेई ने अधिकारी को पीट दिया। इससे उनके मुंह से खून निकलने लगा। प्रशासनिक अधिकारी और जेई ने एक दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों का मेडिकल कराया। अधिकारी के साथ मारपीट से गुस्साए कर्मियों ने पूरा दिन काम नहीं किया।
शहर के मोहल्ला आशानगर निवासी सुनील कुमार श्रीवास्तव पीडब्यूडी प्रथम खंड में प्रशासनिक अधिकारी हैं। सुबह करीब 11:15 बजे जेई विनोद कुमार सिंह कंप्यूटर ऑपरेटर के पास एक पत्र टाइप करा रहे थे। इसी बीच प्रशासनिक अफसर सुनील वहां एक पत्र लेकर पहुंच गए। उनके पत्र में कुछ संशोधन होना था।
सुनील के अनुसार उन्होंने जेई विनोद सिंह से अपने पत्र में संशोधन कराने की बात कही। आरोप है कि अपने पत्र को जरूरी बताते हुए जेई भड़क गए। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारी के साथ गालीगलौज भी की। विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। मुंह पर घुसा लगने से प्रशासनिक अधिकारी के दांत हिलने लगे और खून भी निकल आया।
आरोप है कि जेई ने प्रशासनिक अधिकारी को जान से मारने की धमकी भी दी। अधिकारी से मारपीट पर कार्यालय के कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया। कर्मचारियों ने पूरा दिन काम नहीं किया। सुनील ने कोतवाली जाकर जेई के खिलाफ तहरीर दी। शाम को जेई ने भी कोतवाली में तहरीर देकर प्रशासनिक अधिकारी पर मारपीट का आरोप लगाया।
कोतवाल कमलेश नारायण पांडेय ने बताया की दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोनों का मेडिकल भी कराया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विवाद के समय मैं कार्यालय में नहीं था। कार्यालय पहुंच कर दोनों पक्षों में सुलह का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। अगर मुझे लिखित शिकायत मिलती है तो जांच कराकर विभागीय कार्रवाई कराऊंगा। - मन्नीलाल यादव, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी प्रथम
प्रशासनिक अधिकारी ने पहले गाली दी थी और पहले कालर पकड़कर मुझे मारा। मैंने केवल अपना बचाव किया। कोतवाली में तहरीर दे दी है, अधिकारियों से भी शिकायत करूंगा। - विनोद कुमार सिंह, जेई पीडब्ल्यूडी