हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ज्योतिनगर में रविवार की रात चोरों ने शिक्षक के बंद मकान को निशाना बना लिया। नुकीली वस्तु से मेन गेट का लॉक तोड़कर चोर अलमारी में रखे ढाई लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चुरा ले गए। सुबह पड़ोसियों से घटना का पता चलने पर शिक्षक के परिजन मौके पर आए और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तकिया निवासी शिवकुमार हरियावां विकास खंड के ग्राम कटिघरा में स्थित प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात हैं। देहात कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ज्योतिनगर में स्थित मकान में परिवार के साथ रहते हैं। बीती 20 अगस्त को शिवकुमार जीने से गिरकर घायल हो गए थे। परिजन उन्हें लेकर लखनऊ चले गए थे और वहीं इलाज करा रहे हैं। यहां मकान बंद था। रविवार की रात चोरों ने बंद मकान के मेन गेट का लॉक तोड़ दिया और अंदर घुस गए। कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़ दिया और यहां लॉकर में रखे एक जोड़ी सोने के कंगन, एक हार, चेन, एक सोने का टीका, एक जोड़ी झाले, पायलें आदि जेवरात चोरी कर ले गए। सोमवार सुबह पड़ोसियों ने गेट खुला देखा, तो इसकी जानकारी शिवकुमार के चाचा सर्वजीत को दी। सूचना मिलने के बाद सर्वजीत अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। सर्वजीत की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। सर्वजीत ने लगभग ढाई लाख के जेवरात चोरी होने की बात कही है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र ओझा ने बताया कि पीड़ित ने अभी तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।