हरदोई। पिहान के अकोहरा गांव निवासी विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के एक कमरे में फंदे पर लटकता मिला। विवाहिता की मां ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल महेश चंद्र ने बताया कि पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकोहरा निवासी रानू देवी (25) का शव सोमवार को घर के एक कमरे में कुंडे से लटका मिला। जानकारी मिलने के बाद शाहाबाद के ग्राम आगापुर निवासी मां रामबेटी समेत मायके पक्ष के अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। मां रामबेटी ने ससुरालीजनों पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया। मां रामबेटी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसने बेटी रानू देवी का विवाह लगभग तीन साल पहले मनोज के साथ किया था। दामाद मनोज व बेटी के अन्य ससुरालीजन कम दहेज लाने की बात कह कर शादी के बाद से उसे प्रताड़ित करने लगे। सोमवार को आरोपियों ने रानू की मौत होने की सूचना दी। जब वह मौके पर पहुंची तो रानू का शव फंदे पर लटकता मिला, जबकि ससुराल वाले मौके से फरार मिले। रामबेटी ने पति मनोज, ससुर ऋषिनाथ, जेठ प्रमोद व ननद सुमन पर बेटी की हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। कोतवाल महेश चंद्र ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर पति समेत चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।