हरदोई। छात्रों और युवाओं पर हो रहे लाठीचार्ज का विरोध कर भाजपा सरकार को तानाशाह बता सोमवार को कांग्रेसियों ने गृहमंत्री अमित शाह का पुतला फूंका। पदाधिकारियों व पुलिस के बीच पुतले को लेकर खींचतान भी हुई।
सोमवार को युवा कांग्रेस की ओर से विधानसभा सदर क्षेत्र युवा कांग्रेस अध्यक्ष दान बहादुर सिंह व दीपेंद्र सिंह के नेतृत्व में राजीव भवन के बाहर नघेटा रोड पर प्रदर्शन किया गया। दीपेंद्र सिंह ने कहा कि छात्र, युवाओं व सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज सरकार की कायरता पूर्ण कार्रवाई है। सरकार अपनी दमनकारी नीति से लोकतंत्र की आवाज दबा रही है।
युवा कांग्रेस सदर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष दान बहादुर सिंह ने कहा कि सरकार अपनी ऊर्जा अपराध नियंत्रण करने एवं महंगाई रोकने में लगाए। इस दौरान पुलिस जिंदपीर चौराहे पर सतर्क रही लेकिन कांग्रेस पदाधिकारियों ने मौका देख नघेटा रोड पर कांग्रेस कार्यालय के बाहर ही गृहमंत्री का पुतला फूंक दिया। बाद में पहुंची पुलिस ने पुतला छीनने का प्रयास किया। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह, श्यामा कुमार, सोम श्रीवास्तव, मो. ताहिर, अजीत यादव, अंकित, हर्ष कुमार, आदि मौजूद रहे।