CM Yogi In Hardoi: हरदोई को मिला दिवाली का तोहफा, योगी बोले- अब महिलाओं को केंद्र में रख बनाई जाती हैं योजनाएं
Hardoi News: सीएम योगी ने कहा कि पहले बेटी की शादी के लिए पिता को कर्ज लेना पड़ता था, लेकिन अब सरकार ने बेटी की पढ़ाई से लेकर उसे आत्मनिर्भर बनाने तक और शादी तक की जिम्मेदारी ले ली है।
विस्तार
हरदोई जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आधी आबादी को सशक्त किए बिना कोई राष्ट्र सामर्थ्यवान नहीं बन सकता। वर्ष 2014 के बाद से हालात बदले हैं। अब योजनाएं महिलाओं को केंद्र में रखकर बनाई जाती हैं। सामान्य शिक्षक से लेकर चंद्रयान तक के अभियान में आधी आबादी की पूरी भागीदारी है। सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं को डबल इंजन की सरकार पूरी शिद्दत से लागू कर रही है। मुख्यमंत्री ने 541 करोड़ रुपये के 217 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत उधरनपुर में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित होने के बाद आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पंचायतों और नगर निकायों में पहले से ही महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण मिला हुआ है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित होने के बाद अब नए परिसीमन में जो भी आंकड़े सामने आएंगे, उनमें से एक तिहाई पद लोकसभा और विधानसभा में आरक्षित होंगे। उन्होंने कहा कि यह समर्थ और स्वावलंबी भारत बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।
बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की जिम्मेदारी ली
कहा कि पहले बेटी की शादी के लिए पिता को कर्ज लेना पड़ता था, लेकिन अब सरकार ने बेटी की पढ़ाई से लेकर उसे आत्मनिर्भर बनाने तक और शादी तक की जिम्मेदारी ले ली है। उन्होंने केंद्र ओर राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए एशियन गेम्स में पदक जीतने वाली बेटियों का सम्मान समारोह जल्द ही आयोजित किए जाने की बात कही। कहा कि एशियन गेम्स, कॉमन वेल्थ गेम्स, ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप में किसी भी विधा में पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों को राज्य सरकार नौकरी देगी। पूर्व में पदक जीतकर डिप्टी एसपी की नौकरी पाने वाले ललित उपाध्याय का उल्लेख भी मुख्यमंत्री ने किया।
बहनों के बहाने जिले को मिला तोहफा
मुख्यमंत्री ने लोकार्पण और शिलान्यास के बाद कहा कि यहां बहनों के बहाने हरदोई को दिवाली का तोहफा मिल गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नारी शक्ति वंदन के तहत महिला सम्मेलन को संबोधित करने आए थे। इस दौरान उन्होंने 17 पेयजल परियोजनाओं, 17 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 20-20 बेड की बढ़ोतरी के कामों का लोकार्पण किया। साथ ही 86 मार्गों के सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण कार्यों का भी लोकार्पण किया।
दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिलें दीं
तीन पशु चिकित्सालयों के नए भवन, छह हेल्थ वेलनेस सेंटर और पर्यटन विभाग के तीन कार्यों का भी मुख्यमंत्री ने लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने 66 कार्यों का शिलान्यास भी किया। इसमें आठ पुल-पुलिया, तीन वृहद गो संरक्षण केंद्र, 33 मार्ग और बड़ी संख्या में अंत्येष्टि स्थल भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने यहां तीन महिलाओं रुक्मणी, पूजा यादव और सावित्री की गोद भराई कराई। इसके अलावा तीन बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया। इन बच्चों के नाम शिवांश, मौलिक और ऋषभ हैं। दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिलें दीं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.