सवाजयपुर। लॉकडाउन में गैर प्रांतों में फंसे श्रमिकों को मुख्यमंत्री के निर्देश पर वापस लाने का सिलसिला शुरू हो गया है। रविवार शाम मथुरा व आगरा से डेढ़ सौ से अधिक श्रमिकों को लेकर छह बसें फर्रुखाबाद बार्डर पर पहुंची। बार्डर पर तहसीलदार मूसाराम थारू की मौजूदगी में श्रमिकों की जांच की गई व उन्हें क्वारंटीन सेंटर भेजा गया।
रविवार शाम हरियाणा व अन्य जगह काम करने वाले जिले के डेढ़ सौ से अधिक श्रमिक हरदोई-फर्रुखाबाद बार्डर पर पहुंचे। बार्डर स्थित सरसई गांव में तहसीलदार मूसाराम थारू व सीओ राकेश वशिष्ठ की मौजूदगी में डॉ. मुस्लिम अंसारी व उनकी टीम ने श्रमिकों की जांच की। जांच के बाद श्रमिकों को संबंधित तहसील क्षेत्र के क्वारंटीन सेंटर भेजा गया। तहसीलदार मूसाराम थारू ने बताया कि तीन अन्य बसों के आने की जानकारी है। इस मौके पर एसओ पाली डीपी सिंह, रूपापुर चौकी प्रभारी अखिलेश सिंह, परिवहन विभाग के रामेंद्र पाल सिंह, जितेंद्र बहादुर, ओपी सिंह व चंद्र गौड़ आदि मौजूद रहे।