{"_id":"59a307c04f1c1b8c6b8b49d6","slug":"125-mm-rainfall-breeze-drains-neighboring-city","type":"story","status":"publish","title_hn":"125 मिमी बारिश: उफनाई नालियां, बजबजाया शहर ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
125 मिमी बारिश: उफनाई नालियां, बजबजाया शहर
अमर उजाला ब्यूरो, हरदोई
Updated Sun, 27 Aug 2017 11:26 PM IST
विज्ञापन
नुमाइश चौराहे से डीएम चौराहे की ओर भी दिखा जलभराव।
- फोटो : amarujala
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरदोई। डेढ़ दिन में हुई लगभग 125 मिलीमीटर बारिश भी शहर नहीं झेल पाया। जल निकासी न हो पाने के कारण शहर के रास्ते तालाब सरीखे दिखे। यही नहीं शहर के बीचोबीच स्थित कलक्ट्रेट परिसर में लबालब पानी भर गया। मौसम वैज्ञानिक रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि सोमवार को भी मौसम इसी तरह का होने का अनुमान है।
विज्ञापन
शनिवार के बाद रविवार को दिन भर रुक-रुककर पूरे दिन बारिश हुई। जिससे सुविधा सपन्न लोगों ने जहां घरों में कैद होकर पूरी तरह से संडे मनाया। वहीं रोज कमाने खाने वाला तबका फिर बारिश के दौरान भी सड़कों पर ही दिखा। इसमें रिक्शा चलाने वाले, फेरी लगाने वाले आदि बारिश में भी पॉलिथीन सिर पर डालकर रोजी रोटी कमाने में व्यस्त रहे।
विज्ञापन
नुमाइश चौराहा एक बार फिर से तालाब सा दिखा। बारिश बंद होने के काफी देर बाद भी जलभराव की स्थिति बनी रही। लोगों को यहां से गुजरने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हालांकि यहां से जो भी गुजरा उसने जलनिकासी की व्यवस्था न होने पर पालिका को जमकर खरी खोटी सुनाई।
विज्ञापन
बारिश के बाद जहां शहर भर के अधिकांश रास्ते पानी में डूबे नजर आए। वहीं शहर के बीचोबीच स्थित नघेटा रोड बारिश के बाद हुए जलभराव से लबालब नजर आया। सड़क के दोनों तरफ के फुटपाथ नजर ही नहीं आ रहे थे। जिससे लोगों को आने-जाने काफी परेशानियाें से दो चार होना पड़ा।
बारिश में कलक्ट्रेट परिसर भी पानी में डूबा नजर आया। मुख्यद्वार से लेकर अंदर परिसर तक जलभराव की स्थिति दोपहर तक रही। कलक्ट्रेट परिसर में जलभराव देख लोग यही बोले कि जब डेढ़ दिन की बारिश में कलक्ट्रेट डूब गया तो शहर की गलियों व सड़कों के क्या हाल होंगे। अंदाजा लगाया जा सकता है।
रिमझिम बारिश में उठाया लुत्फ
बारिश में जहां लोग अपनी छतों पर भीगते नजर आए तो सड़कों पर गुजरते लोगों ने भी भीग कर ही अपने सफर को तय किया। बारिश के बाद जलभराव में बच्चों ने भी खूब लुत्फ उठाया।
बारिश के बाद लुढ़का पारा
बारिश के बाद अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम वेधाशाला के पर्यवेक्षक रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि शनिवार को 64 मिमी बारिश हुई। रविवार तड़के 34 मिमी बारिश हुई। वहीं दिन में 27.5 मिमी बारिश हुई। दो दिन में 125.5 मिमी बारिश हुई।
किसानों के चेहरों पर आई रौनक
हरपालपुर/सांडी/मल्लावां (ब्यूरो)। बीते दो दिन से रुक-रुक कर हो रही लगातार बारिश से उमस भरी गर्मी से लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन बरसात से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं किसानों के चेहरे खिल गए हैं। बारिश से धान, मक्का, ज्वार, बाजरा की फसलों को लाभ हुआ है। सांडी प्रतिनिधि के अनुसार बारिश का पानी दहर झील में पहुंच गया। किसानों ने भी राहत महसूस की। मल्लावंा प्रतिनिधि के अनुसार बीते एक माह से बारिश न होने की वजह से किसानों की धान मक्का , गन्ने , की फसले सूखने लगी थी। किसानों ने तेज गर्मी व धूप के चलते इन फसलों की सिंचाई शुरू कर दी थी, लेकिन शनिवार व रविवार सुबह से शुरू हुई झमाझम बारिश से फसलों को फायदा पहुंचा है।
झमाझम बारिश से लड़खड़ाई बिजली आपूर्ति
हरदोई। झमाझम बारिश के बाद रविवार को दोपहर बाद तक रुक-रुककर बारिश होती रही। इसके चलते बिजली आपूर्ति भी पटरी से उतर गई। गुरगुज्जा, सांडी रोड व सिटी पावर हाउस में कई जगह विद्युत लाइन में फाल्ट आने से आपूर्ति तीन से चार घंटे तक बाधित रही।
रविवार सुबह करीब पांच बजे से झमाझम बारिश शुरू हुई। बारिश दोपहर बाद तक होती रही। इसके चलते मन्नापुरवा पावर हाउस से गुरगुज्जा आने वाली मेन सप्लाई लाइन में फाल्ट आ गया। इससे गुरगुज्जा से जुड़े गांव व सांडी रोड पावर हाउस से जुड़े कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।
आलू थोक, चौहान थोक, ऊंचाथोक सहित कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति गुल होने से लोगों को दिक्कत हुई। सांडी रोड पावर हाउस से सरला बाजपई बगिया, आजादनगर को जाने वाली सप्लाई लाइन सुबह 5:15 बजे कहीं शार्ट हो गई। बारिश थमने के कुछ देर बाद बिजली कर्मियों ने काम शुरू किया तो श्रीशचंद्र पब्लिक इंटर कॉलेज के पास लाइन शार्ट मिली।
बारिश के चलते कुछ देर काम रोक दिया गया। बिजली कर्मी 9:40 बजे आपूर्ति जोड़ सके। सप्लाई चालू होने के तुरंत बाद आधे आजाद नगर की लाइन शार्ट होने की जानकारी मिली। इसे ढूढंने में बिजली कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बिजली कर्मी दोपहर एक बजे के बाद आपूर्ति चालू कर सके।
उधर, सुबह के समय सिनेमा रोड पर रखे ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने से सिनेमा रोड की बिजली आपूर्ति बाधित हुई। इसे दोपहर दो बजे ठीक किया जा सका। इसी तरह सिटी पावर हाउस में घंटाघर रोड पर सुबह 9:30 बजे आपूर्ति बाधित हुई। इसे 11 बजे ठीक किया जा सका। एसडीओ सदर दिलीप यादव ने बताया कि बारिश के चलते आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे ठीक करा दिया गया है।