UP: महिला ने अपने प्रेमी से घर में करवाई लाखों की चोरी... परिजनों को सुनाई थी ये कहानी, इस हरकत से खुली पोल
पुलिस की जांच में सीसीटीवी, कॉल सीडीआर से खुलासा हुआ। पुलिस ने 15 लाख के गहने, डेढ़ लाख रुपये की नकदी व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की।
विस्तार
यूपी के हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव नंगौला में महिला ने अपने ही प्रेमी से घर में लाखों की चोरी करा दी। परिजनों को गुमराह कर, पति से पुलिस में गलत रिपोर्ट लिखवा दी। सीसीटीवी फुटेज और फोन कॉल से घटना खुली तो फंसने का डर देख दोनों फरार हो गए। पुलिस ने गांव के रजवाहे के पास से उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
सीओ जितेंद्र शर्मा ने बताया कि नंगौला निवासी शुभम त्यागी ने पुलिस में सात जून को रिपोर्ट दर्ज करायी, तहरीर में उन्होंने बताया कि शनिवार की दोपहर लगभग सवा बजे उनकी पत्नी नेहा उर्फ अनामिका अपने पुत्र के साथ घर पर अकेली थी। इसी बीच घर के मुख्य दरवाजे को एक युवक ने खटखटाया था।
दरवाजे खोलने पर युवक ने अपने आपको एलआईसी का अभिकर्ता बताया। इसके बाद आरोपी ने रूमाल से नशीला पदार्थ सुंघाकर उनकी पत्नी व पुत्र को बेहोश कर दिया था। जिसके बाद आरोपी घर में रखी अलमारी से करीब 15 लाख रुपये के आभूषण, डेढ़ लाख रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल की सीडीआर खंगाली तो मामला कुछ और ही निकला। जांच में पता चला कि अटौला का रहने वाला 23 वर्षीय निगम ही उस दिन शुभम के घर आया था। गांव में उसका आना जाना कई बार होता था। पुलिस ने मामला प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा तो पर्दाफाश हो गया।
इसकी भनक आरोपियों को भी लग गई। खुद को फंसा देख प्रेमी और प्रेमिका उसी बाईक से फरार होने लगे, जो घटना के समय प्रयोग की गई थी। पुलिस ने नंगौला रजवाहे के पास ही दोनों को दबोच लिया। चोरी किए आभूषण और नकदी भी बरामद कर ली गई हैं।
दोनों आरोपियों को कर लिया है गिरफ्तार
गांव नंगौला की घटना का खुलासा कर दिया गया है। महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर ही घर में चोरी करायी थी। दोनों को गिरफ्तार कर, चोरी किए आभूषण और नकदी बरामद कर ली गई है। -जितेंद्र शर्मा, सीओ।