पति घर आया तो खौला पूनम का खून: घरवाले को जेल भेजने की जिद पर खाया थाने के बाहर जहर, महिला अस्पताल में भर्ती
घटना के वक्त महिला की हालत बिगड़ने लगी तो पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे सरकारी अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच में सल्फास खाने की आशंका जताई है।
विस्तार
शनिवार की शाम यूपी के पिलखुवा कोतवाली के गेट पर एक महिला ने जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया। महिला पुलिस से उसके पति को जेल न भेजने से नाराज थी। जबकि पुलिस ने पारिवारिक विवाद के बाद पति को शांतिभंग की धाराओं में चालान किया था, जिसके बाद उसे जमानत मिल गई थी। महिला के जहर खाने की सूचना पर पुलिस में अफरातफरी मच गई। आनन फानन में महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को गालंद निवासी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसकी शिकायत पत्नी पूनम ने पुलिस से की थी। शिकायत के बाद मौके पर पहुंची उसके पति को हिरासत में लिया और इसके बाद थाने लाकर शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई कर दी। जिसके बाद उसे जमानत मिल गई और उसे छोड़ दिया गया। कार्रवाई के बाद पति घर लौटा तो पत्नी नाराज होकर कोतवाली पहुंच गई और हंगामा शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि इसी बीच पूनम में कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना के वक्त महिला की हालत बिगड़ने लगी तो पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे सरकारी अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच में सल्फास खाने की आशंका जताई है। हालत गंभीर होने पर महिला को एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि महिला ने अचानक भावनात्मक आवेश में यह कदम उठाया है।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि महिला को समय पर उपचार मिल गया है और उसकी स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि दंपती के बीच चल रहे विवाद की पूरी जांच कराई जाएगी और दोनों पक्षों की सुरक्षा प्राथमिकता रहेगी।