गढ़मुक्तेश्वर। सीबीएसई के इतिहास में पहली बार तहसील क्षेत्र के देव मेमोरियल पब्लिक स्कूल की छात्रा वंशिका ने अपनी अमिट छाप छोड़ी है। वंशिका ने बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम मोराबादी, झारखंड में चल रही 68वीं नेशनल स्कूल एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 400 मीटर दौड़ में 55.69 सेकेंड के समय के साथ फाइनल में जीत दर्ज की है।
स्कूल प्रबंधक राजेंद्र चौधरी ने बताया कि सीबीएसई की इस प्रतियोगिता में देश भर के स्कूलों के खिलाड़ी विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में प्रतिभाग कर रहे हैं। 400 मीटर दौड़ के सेमीफाइनल में रविवार को भी वंशिका ने 56.21 सेकेंड का समय निकाल कर जीत दर्ज की थी। सोमवार को हुए फाइनल में उन्होंने केरल और कर्नाटक की खिलाड़ियों को पीछे छोड़ा, जो दूसरे व तीसरे स्थान पर रहीं। राजेंद्र चौधरी ने कहा कि यदि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को सही दिशा, प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए, तो वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी छाप छोडऩे से पीछे नहीं रहती हैं। प्रशिक्षक नवीन चौधरी के निर्देशन में ही वंशिका ने कड़ा अभ्यास कर एथलेटिक्स की बारीकियां को समझा। प्रधानाचार्य मंजू चौधरी, उप प्रधानाचार्य युधिष्ठिर सिंह यादव व अन्य लोगों ने वंशिका को शुभकामनाएं दी हैं।