गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव करीमपुर में सोमवार को जगमाल यादव के आवास पर राष्ट्र प्रेम पर आधारित शैक्षिक गोष्ठी हुई, इसमें युवाओं से राष्ट्र के प्रति समर्पित होने का आह्वान किया गया।
मुख्य वक्ता शिक्षाविद् और कवि राजकुमार हिंदुस्तानी ने कहा कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना का विकास होना जरूरी है। राष्ट्रप्रेम की भावना से व्यक्ति स्वयं को राष्ट्र के प्रति समर्पित करता है। उन्होंने कहा कि सच्चा देशभक्त हमेशा परिवार, जाति, क्षेत्रवाद और धार्मिक कट्टरता को छोड़कर राष्ट्र की उन्नति के लिए काम करता है। राष्ट्र प्रथम की भावना ही राष्ट्र को सशक्त बनाती है। राजकुमार ने कहा कि जिस समाज के लोग आपसी नफरत और घृणा त्यागकर एक-दूसरे से जितना अधिक प्रेम करेंगे वह राष्ट्र को उतना ही अधिक शक्तिशाली बना सकेंगे। जगमाल यादव ने कहा कि अभिभावकों को भी चाहिये कि वह भी अपने बच्चों को घर पर क्रांतिकारियों और महापुरुषों की जीवनी पढ़ाएं। खेल शिक्षक प्रमोद यादव ने कहा कि सभी नागरिकों को पूर्ण निष्ठा के साथ राष्ट्रहित के कार्य करने चाहिए। जूडो प्रशिक्षक सुबोध यादव ने सभी युवाओं को अच्छा नागरिक बनकर राष्ट्र सेवा की शपथ दिलाई। इस दौरान अमित यादव, गौरी, नितिन, दीपांशु, ग्रंथ, जीविका, तुलसी, अनीता, सुनीता मौजूद रहे।