UP: दिवाली पूजन के बाद हापुड़ लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, त्योहार के दिन परिवार में छाया मातम
सोमवार सुबह रोहित दिवाली के मौके पर गांव में परिवार से मिलने और पूजन आदि के उद्देश्य से आए थे। परिवार और गांव के लोगों से मिलने और शाम को छह बजे पूजन के बाद वे बाइक से हापुड़ जाने के लिए निकले थे।
विस्तार
यूपी के हापुड़ क्षेत्र के गांव नान में एक परिवार की दिवाली की खुशियां मातम में बदल गई। दिवाली का पूजन कर गांव से हापुड़ स्थित अपने घर हापुड़ लौट रहे रोहित शर्मा (35 वर्ष) की बाइक गांव के पास ही तेज रफ्तार दूसरी बाइक से टकरा गई। जिसमें रोहित की मौत हो गई। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था।
मृतक के भाई मोनू शर्मा ने बताया कि उनके भाई रोहित अपने चार वर्षीय पुत्र यश और दो साल की पुत्री के साथ हापुड़ स्थित प्रीत विहार में रहते थे। वे हापुड़ डिपो में संविदा पर चालक के रूप में तैनात थे। जबकि उनका परिवार पैतृक गांव में रहता है। सोमवार सुबह रोहित दिवाली के मौके पर गांव में परिवार से मिलने और पूजन आदि के उद्देश्य से आए थे। परिवार और गांव के लोगों से मिलने और शाम को छह बजे पूजन के बाद वे बाइक से हापुड़ जाने के लिए निकले थे।
जैसे ही उनकी बाइक गांव के बाहर पहुंची तो एक तेज रफ्तार बाइक से उनकी टक्कर हो गई। जिसमें रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर वे रोहित को लेकर स्थानीय अस्पताल में पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना से गांव में मातम छा गया और दिवाली की खुशियां गम में बदल गईं। पत्नी कामिनी का भी रो रोकर बुरा हाल था। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतक का गांव में ही अंतिम संस्कार किया गया।