{"_id":"6a9f9314410d327fdb06c9d4","slug":"leopard-and-two-cubs-spotted-in-the-fields-2026-09-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"हापुड़: खेतों में दिखा तेंदुआ और दो शावक, ग्रामीणों में दहशत; वन विभाग से पकड़ने की गुहार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हापुड़: खेतों में दिखा तेंदुआ और दो शावक, ग्रामीणों में दहशत; वन विभाग से पकड़ने की गुहार
Tue, 08 Sep 2026 10:16 AM IST
Vijay Singh Pundir
अमर उजाला नेटवर्क, हापुड़
अमर उजाला नेटवर्क, हापुड़
Published by: Vijay Singh Pundir
Updated Tue, 08 Sep 2026 10:16 AM IST
विज्ञापन
खेतों में दिखा तेंदुआ और दो शावक
- फोटो : अमर उजाला
गढ़मुक्तेश्वर के गांव लोधीपुर छपका में सोमवार को तेंदुआ और उसके दो शावक दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। तेंदुआ किसान गंगादास सिंह और रामदास सिंह के खेतों के आसपास दिखाई दिया। खेतों में काम कर रहे किसानों और ग्रामीणों की नजर तेंदुए पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाकर अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, लेकिन तेंदुआ और दोनों शावक खेतों की ओर चले गए।
विज्ञापन
तेंदुआ और दो शावक दिखाई देने की सूचना पूरे गांव में तेजी से फैल गई। ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग अकेले खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं। खासकर शाम ढलने के बाद ग्रामीणों ने खेतों की तरफ जाना लगभग बंद कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए के साथ दो शावक होने के कारण खतरा और अधिक बढ़ गया है, क्योंकि शावकों के आसपास होने पर तेंदुआ आक्रामक हो सकता है।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने वन विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल टीम भेजकर क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ाने की मांग की है। साथ ही तेंदुए की लोकेशन की निगरानी कर उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने बच्चों और पशुओं को भी खेतों तथा गांव के बाहरी इलाकों में अकेले न भेजने की अपील की है।
विज्ञापन
ग्रामीणों के मुताबिक तेंदुए की मौजूदगी से क्षेत्र में लगातार भय बना हुआ है। बता दें की इससे पहले गढ़ के गांव दोताई में भी तेंदुए देखा जा चुका है, वहीं सिंभावली क्षेत्र में भी तेंदुए की आहट से ग्रामीणओं में दहशत का माहौल बना हुआ है। वन क्षेत्र अधिकारी करन सिंह ने बताया कि टीम को भेजकर जांच कराई जा रही है, साथ ही रात्रि गश्त भी शुरू कर दी गई है।