नशीली गोलियां खिलाकर दुष्कर्म का आरोप
पिलखुवा। बीमार महिला को नशीली गोली खिलाकर पति और देवर द्वारा सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता को उपचार के लिए नगर के एक मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उसकी हालत चिंताजनक बनी है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर पति, देवर, सास और ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।
थानांतर्गत क्षेत्र के मोहल्ला निवासी महिला ने गत 29 अगस्त को बड़े ऑपरेशन से एक बच्चे को जन्म दिया था। जिसके चलते चिकित्सकों ने महिला को आराम करने और भारी वजन न उठाने की सलाह दी थी। आरोप है कि महिला को नशीली गोलियां खिलाकर पति और देवर ने सामूहिक दुष्कर्म किया और अप्राकृतिक संबंध भी बनाए, जिससे महिला के ऑपरेशन के दौरान लगाए गये टांके खुल गए। पिछले चार दिन से पीड़िता नगर के मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती है, जहां पर उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर उसके पति, देवर, सास और ननद के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और दहेज उत्पीड़न के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।