मुकदमा वापस न लेने पर दी जान से मारने की धमकी
गढ़मुक्तेश्वर। मोहल्ला आदर्श नगर निवासी सब्जी विक्रेता की हत्या करने वाले आरोपियों के परिजनों पर मुकदमा वापस लेने का आरोप लगा है। मृतक के परिजनों और मोहल्लावासियों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कोतवाली के बाहर प्रदर्शन किया।
सोमवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे नदीम की मोहल्ले के ही नय्यूम, तसलीम, अब्दुल और इरशाद ने रंजिश के चलते पिटाई की थी, जिसमें नदीम की मौत हो गई थी। मृतक के भाई दानिश ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। वहीं मंगलावर को मृतक के परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर घेराव किया और प्रदर्शन करते हुए कहा कि आरोपी पक्ष के दो युवक सोमवार को उनके घर पहुंचे और मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाया था, लेकिन विरोध करने पर आरोपी वहां से अंजाम भुगतने की धमकी देकर गए। परिजनों ने कहा कि पुलिस दूसरे दिन भी हत्या आरोपियों का पता नहीं निकाल पाई है। परिजन काफी डरे हुए हैं और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अभिनव सिंह पुंडीर ने लोगों को समझाया और कहा कि आरोपियों की तलाश के लिए टीम को लगाया हुआ है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अभिनव सिंह पुंडीर ने कहा कि घर जाकर धमकी देने वाले दो युवकों पर भी मुकदमा दर्ज कर लिया है, उनकी भी तलाश की जा रही है।