Video: हापुड़ में रेलवे लाइन पर बाइक खड़ी कर बनाई रील... टायरों पर डाला पेट्रोल, तीन आरोपी हुए गिरफ्तार
वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने कार्रवाई करते हुए मेरठ के गांव फफूंडा निवासी तरुण गोस्वामी, शाहिद और शहजाद को गिरफ्तार किया है और दोनों बाइकों को भी कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
विस्तार
सोशल मीडिया पर वायरल होने के जुनून में युवा नियमों और कानून को भी तार-तार कर दे रहे हैं। ऐसा ही एक वीडियो तीन युवकों ने मेरठ-खुर्जा रेलवे लाइन पर बाइक खड़ी कर बनाया, जिसके वायरल होने के बाद आरपीएफ ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो मेरठ-खुर्जा रेलवे लाइन के चांदसारा हॉल्ट के समीप का बताया जा रहा है। इसमें तीन युवक दो बाइकों को रेलवे ट्रैक पर खड़ी कर उनके टायरों पर पेट्रोल डालकर आग लगा रहे हैं और इसकी रील भी बना रहे हैं। ऐसे में अगर इस दौरान ट्रेन आ जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने कार्रवाई करते हुए मेरठ के गांव फफूंडा निवासी तरुण गोस्वामी, शाहिद और शहजाद को गिरफ्तार किया है और दोनों बाइकों को भी कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही रेलवे लाइन पर रील बनाने वाले लोगों को भी कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
आरपीएफ उपनिरीक्षक अनिल कुमार तेवतिया ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रेलवे एक्ट 153 के तहत कार्रवाई की गई है। आरपीएफ द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से रील बनाने वालों पर नजर रखी जा रही है। अगर कोई रेलवे लाइन पर रील बनाते पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।