हमीरपुर। कुरारा कस्बा स्थित एक सराफ की दुकान से टप्पेबाजी के मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से करीब चार लाख रुपये कीमत के जेवर भी बरामद किए गए हैं।
कुरारा कस्बा निवासी जैनेंद्र कुमार की सराफ की दुकान में 26 फरवरी को तीन महिलाएं व दो लड़के ग्राहक बनकर आए। दुकानदार को भ्रमित कर करीब पांच लाख रुपये के सोने के गहने टप्पेबाजी कर ले गए। शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में घटना का खुलासा करते हुए एसपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज से तीन संदिग्ध महिलाएं प्रकाश में आईं। जिस पर एसओजी प्रभारी विनोद कुमार व थानाध्यक्ष दिनेश सिंह की संयुक्त टीम ने घटना में शामिल रूबी राजपूत निवासी मुरादगंज थाना अजीतमल जनपद औरैया, मिथलेश थाना गोहन जनपद जालौन, ज्योति निवासी गुलालपुर थाना बकेबर जनपद इटावा व मुन्ना निवासी बखौरा थाना कोतवाली उरई जालौन को गिरफ्तार किया। बताया कि चार महिलाओं व तीन पुरुषों का इनका गैंग है। जो योजनाबद्ध तरीके से घटनाओं को अंजाम दिया जाता है। गैंग में शामिल मुन्ना की सोने-चांदी की दुकान है। जो चोरी के माल को औने-पौने दाम पर खरीदता है। गैंग में शामिल रूबी के पति अवनीश कुमार व मिथलेश के पति टिल्लू की मुन्ना से जान पहचान है। मुन्ना, अवनीश और टिल्लू के द्वारा सबसे पहले रेकी कर दुकान चिंहित की जाती है। इसके बाद महिला घटनाओं को अंजाम देते हैं। इस गैंग ने अभी तक कितनी घटनाओं को अंजाम दिया है। इसकी जांच कराई जा रही है। फरार आरोपी पूनम, अवनीश व टिल्लू की तलाश की जा रही है।