UP: परिजनों का आरोप- घर में घुसकर बेटी से कुकृत्य, फिर गला घोंटकर कर दी हत्या, जानिए पूरा मामला
Hamirpur Crime: जलालपुर एसओ सभाजीत सिंह ने कहा परिजनों ने आत्महत्या की सूचना दी थी। कहा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
हमीरपुर जिले में जलालपुर थाने के एक गांव में युवती की संदिग्ध मौत मामले में परिजनों ने दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या का आरोप लगाया है। स्लाइड बनाने की मांग करते हुए पोस्टमार्टम हाउस के बाहर जाम लगा दिया। कोतवाली पुलिस द्वारा समझाने पर 10 मिनट बाद जाम खुल गया।
युवती के पिता ने बताया मंगलवार शाम खेतों पर काम कर रहे थे। घर पर उनकी 20 वर्षीय पुत्री व नाबालिग पुत्र था। रात करीब 11 बजे गांव का युवक उनके घर में घुस गया। आरोप है उनकी पुत्री के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मारपीट की। शोर सुनकर पास में सो रहा उनका पुत्र मौके पर पहुंचा व विरोध किया।
आरोपी ने उनके पुत्र के साथ भी मारपीट की। बताया उनके पुत्र ने दरवाजे की बाहर से कुंडी लगाकर परिवार को लोगों को बुला लाया। आरोप है जब तक परिवारीजन पहुंचे आरोपी ने उनकी पुत्री की रस्सी से गला घोंट कर हत्या कर दी। छत के रास्ते भाग गया।
स्लाइड बनाने व वीडियोग्राफी की मांग
बुधवार को पोस्टमार्टम के लिए शव पहुंचने पर परिजनों ने स्लाइड बनाने व वीडियोग्राफी में पोस्टमार्टम कराने की मांग की। पुलिस द्वारा ध्यान न देने पर परिजनों ने पनवाड़ी मार्ग पर जाम लगा दिया। कोतवाली पुलिस ने समझा बुझाकर शांत कराया। देर शाम जलालपुर पुलिस ने वीडियोग्राफी व स्लाइड की व्यवस्था की।
एसओ बोले- परिजनों ने आत्महत्या की सूचना दी थी
देर शाम डॉ. भरत कुमार व डॉ. चतुर्भुज सिंह के पैनल से पोस्टमार्टम शुरू हुआ। जलालपुर एसओ सभाजीत सिंह ने कहा परिजनों ने आत्महत्या की सूचना दी थी। जांच चल रही है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।