{"_id":"5c5d5fe2bdec224cb044e3ea","slug":"amit-shah-says-mayawati-akhilesh-and-rahul-gandhi-tell-their-stand-on-ram-temple","type":"story","status":"publish","title_hn":"बुआ-भतीजा और राहुल बाबा बताएं राम मंदिर पर स्टैंड : अमित शाह","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बुआ-भतीजा और राहुल बाबा बताएं राम मंदिर पर स्टैंड : अमित शाह
Fri, 08 Feb 2019 04:24 PM IST
Vikas Kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, महराजगंज
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, महराजगंज
Published by: Vikas Kumar
Updated Fri, 08 Feb 2019 04:24 PM IST
विज्ञापन
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बूथ अध्यक्षों में भरा जोश
- फोटो : अमर उजाला
जब मुख्यमंत्री जय श्री राम बोल रहे थे तब मैं आपके चेहरे के भाव देख रहा था। मुझे लगा कि कार्यकर्ता जानना चाहते हैं कि राम मंदिर पर भाजपा का स्टैंड क्या है? मैं आपको बताना चाहना हूं कि उसी जगह पर जल्द से जल्द राम मंदिर का निर्माण कराने के लिए भाजपा कटिबद्ध है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह महराजगंज जिला जेल ग्राउंड में बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में जब ये बोले तो पूरा पांडाल जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।
विज्ञापन
उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में चल रहे केस से जुड़े एक लाख से ज्यादा दस्तावेजों का शीघ्र अनुवाद कराने पर प्रदेश सरकार को सराहा। विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि वो राम मंदिर मामले को कोर्ट में लटकाना चाहते हैं। शाह बोले, कांग्रेस सरकार ने पूर्व में राम जन्म भूमि न्यास की 42 एकड़ जमीन अधिगृहीत की थी। न्यास ने इसे वापस पाने के लिए मोदी जी से अपील की तो हमने सप्ताह भर में अपने पैसों से यह जमीन खरीदकर न्यास को लौटा दी। हम चाहते हैं कि बुआ-भतीजा और राहुल बाबा राम मंदिर मामले में अपना स्टैंड साफ करें। देश की जनता के सामने स्पष्टवादी होकर साफ दिल से जाना चाहिए।
विज्ञापन
शाह ने योगी सरकार की तारीफ की। कहा कि योगी सरकार ने प्रदेश को मच्छर और माफिया से मुक्ति दिलाई। इससे पहले सपा-बसपा के राज में प्रदेश के लोग मच्छर और माफिया से परेशान थे। योगी सरकार में वो माफिया गायब हो गए हैं और सफाई अभियान से मच्छर के चलते होने वाली दिमाग की बीमारी भी तेजी से कम हुई है। सपा-बसपा और कांग्रेस ने पूर्वांचल को आतंकवाद का कॉरीडोर बनाया, हमने इसे विकास का कॉरीडोर बनाया।
विज्ञापन
उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश फूंका। कहा कि वह भी 1982 में बूथ अध्यक्ष थे। भाजपा ऐसी पार्टी है जिसमें एक बूथ अध्यक्ष राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। यही पार्टी एक गरीब परिवार के बेटे को सबसे बड़े लोकतंत्र की सबसे ताकतवर कुर्सी पर बैठा सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के चुनाव जीतने का आधार कोई नेता नहीं बल्कि बूथ अध्यक्ष और वहां पार्टी का झंडा बुलंद करने वाले कार्यकर्ता हैं। उन्होंने संबोधन के अंत में जैसे कार्यकर्ताओं में जोश भरा वैसा ही भाषण शुरू करते वक्त भी किया। शुरुआत में बोले, मोदी जी पश्चिम बंगाल में कमल निशान का झंडा गाड़ने गए हैं। गोरक्षभूमि के महराजगंज में जिले कार्यकर्ताओं की आवाज वहां तक जानी चाहिए।
कार्यकर्ताओं से दोनों हाथ उठाकर विजय संकल्प के साथ मुट्ठी भींचने की अपील करते हुए उन्होंने जब लोगों से भारत माता की जय बोलने को कहा तो मां भारती के जयघोष से पूरा आकाश गूंज गया। उन्होंने कहा कि 2017 में यहीं से विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करके जैसे 325 सीटें जीतकर रिकॉर्ड बनाया था उसी तरह इस बार लोकसभा चुनाव में भी बूथ के सेनापतियों के दम पर प्रदेश की 74 सीटें भाजपा जीतेगी।