बस्ती। लगातार 58 दिन से कार्य बहिष्कार कर धरना दे रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को निदेशक बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार का पुतला जलाया। ये लोग मांगों पर ध्यान न देने से नाराज थीं। मंगलवार को कार्यकर्ता विभाग की मंत्री का पुतला जलाएंगी। राज्यकर्मी का दर्जा, मानदेय वृद्धि समेत कई मांगों को लेकर काम छोड़कर धरना दे रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विधानसभा घेराव में सफलता नहीं मिली तो कार्यकर्ताओं ने सोमवार को निदेशक बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार राजेंद्र कुमार सिंह का पुतला जलाकर सरकार विरोधी नारे लगाए। महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष रतनबाला श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर पुतला दहन किया गया है। अब 19 दिसंबर को प्रभारी मंत्री स्वतंत्र प्रभार बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार अनुपमा जायसवाल का पुतला जलाया जाएगा। जिला अध्यक्ष के मुताबिक गौर में आशा सिंह, दुबौलिया में चन्द्र प्रभा यादव, हर्रैया में रानी सिंह, परशुरामपुर में कोकिला मिश्रा, विक्रमजोत में ऊषा शर्मा, बहादुरपुर में विमला देवी, कुदरहा में सरला चौधरी, सदर में मिथिलेश पान्डेय, शहर में अनीता पान्डेय, साऊंघाट में उर्मिला त्रिपाठी, राम नगर में सुनीता सिंह, कप्तानगंज में इन्द्रमती, रुधौली में कुसुम चौधरी के नेतृत्व में आंदोलन जारी है।सल्टौआ प्रतिनिधि के मुताबिक, विभागीय निदेशक राजेंद्र कुमार सिंह का पुतला जलाते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ब्लॉक अध्यक्ष सरोज शुक्ल ने कहा हमारी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा। विरोध के दौरान नीलम शुक्ला, सरोज देवी, कुंती देवी, सुनीता देवी, रीता देवी, मालती, विजय लक्ष्मी समेत कई आंगनबाड़ी कर्मी मौजूद रहीं।