Gonda: प्रेमिका के बुलाने पर गए युवक की हत्या, पिता की तहरीर पर युवती समेत पांच लोगों पर मुकदमा
परिजनों ने प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह की कार्यप्रणाली पर आक्रोश व्यक्त किया। सीओ मनकापुर संजय तलवार सहित अन्य पुलिस कर्मियों ने चौराहे पर पहुंचकर परिजनों को समझाया बुझाया। उसके बाद अमवा गांव के निकट पोस्टमॉर्टम के लिए जा रहे शव को रोककर परिजनों को दिखाया गया।
विस्तार
प्रेमिका के बुलाने पर उसके घर गए युवक की हत्या कर दी गई। उसका शव गन्ने के खेत में फेंक दिया गया। सुबह प्रेमिका ने युवक के घर पहुंचकर फांसी लगाने की सूचना दी। इस पर परिजन मौके पर पहुंचे। इस बीच पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज रही थी।
शव न दिखाए जाने पर परिजन व गांव के लोग आक्रोशित हो गए और सड़क जाम कर धरना प्रदर्शन करने लगे। इसकी सूचना पाकर भारी संख्या में पुलिस बुला ली गई। सीओ ने पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया और शव को दिखाया। इसके बाद मामला शांत हो सका। इस मामले में युवक के पिता की तहरीर पर प्रेमिका समेत पांच लोगों के विरुद्ध केस दर्ज हुआ है। प्रेमिका, उसके माता-पिता, भाई व भाभी पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
थाना छपिया क्षेत्र के गड़रही नौडीहवा मजरे में एक गन्ने के खेत में एक युवक का शव पाया गया। मृतक की पहचान ग्राम पंचायत नरैचा छोटका पुरवा निवासी भगवान प्रसाद के 22 वर्षीय पुत्र सनोज के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची छपिया पुलिस शव को गन्ने के खेत से उठाकर परिजनों को न दिखाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज रही थी। इसके विरोध में मृतक के परिजनों व साथ आए ग्रामीणों ने मसकनवा चौराहे को आधे घंटे जामकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
परिजनों ने प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह की कार्यप्रणाली पर आक्रोश व्यक्त किया। सीओ मनकापुर संजय तलवार सहित अन्य पुलिस कर्मियों ने चौराहे पर पहुंचकर परिजनों को समझाया बुझाया। उसके बाद अमवा गांव के निकट पोस्टमॉर्टम के लिए जा रहे शव को रोककर परिजनों को दिखाया गया। काफी मान मनौव्वल के बाद मृतक के परिजन शांत हुए।
मृतक के पिता भगवान प्रसाद ने कहा कि क्षेत्र के एक गांव के एक व्यक्ति की लड़की की शादी उसके गांव में हुई थी। जिस लड़की की शादी हुई थी उसकी छोटी बहन का गांव में आना जाना था, जिसने उसके बेटे सनोज को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। इसी आशनाई रंजिश को लेकर योजनाबद्ध तरीके से षड्यंत्र करके लड़की के पिता, भाई, लड़की की मां और भाभी ने बृहस्पतिवार की रात 11 बजे लड़की से फोन कराकर उसके लड़के को बुलाया।
मृतक के बड़े भाई अजय कुमार ने बताया कि उसका भाई घर से मोटर साइकिल से निकला था। मृतक के पिता का आरोप है कि सनोज के वहां पहुंचने पर लड़की व उसके पिता, भाई, माता और भाभी ने उसके बेटे की हत्या कर शव घर के पास गन्ने के खेत में फेंक दिया। भगवान प्रसाद ने बताया कि लड़की ने सुबह उसके घर पर आकर सूचना दी कि उसके बेटे ने फांसी लगाकर जान दे दी है।
मृतक के भाई अजय कुमार का आरोप है कि छपिया पुलिस शव को बिना परिजनों को दिखाए और बिना पंचनामा किए ही पोस्टमार्टम के लिए ले जा रही थी। सीओ मनकापुर संजय तलवार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सनोज के पिता की तहरीर पर प्रेमिका समेत पांच लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। शांति व्यवस्था कायम है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
रो-रोकर बेहाल हैं परिजन
मृतक सनोज कुमार अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़ा भाई अजय कुमार घर पर रहता था। मंझला भाई मनोज कुमार विदेश में नौकरी कर रहा है। मृतक की चार बहनें हैं। उसकी माता धूपा देवी, बड़ी बहन गुड़िया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके घर पर ग्रामीणों व रिश्तेदारों की भीड़ लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि सनोज काफी मिलनसार था। उसकी हत्या से सभी लोग अवाक हैं।