रगड़गंज (गोंडा)। मिशन शक्ति अभियान के तीसरे चरण में रविवार को स्थानीय पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने पंचायत भवन उमरी में चौपाल लगाकर महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। चौपाल में पुलिस ने महिलाओं की समस्याएं भी सुनी। उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के ठाकुरद्वारा पर स्थित पंचायत भवन में आयोजित चौपाल में महिला कांस्टेबल ने महिलाओं व बालिकाओं को सशक्त करने के लिए प्रेरित किया।
महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098, 181, 112, 108 के बारे में जानकारी दी। महिला कांस्टेबल रीता मौर्या ने बताया कि अगर किसी भी महिला व बालिका को कोई शोहदा परेशान करता है तो वह इन नंबरों पर इसकी जानकारी महिला पुलिस व संबंधित थाना पुलिस को दे सकती हैं। शिकायत करने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाती है। महिला कांस्टेबल ज्योति गौड़ ने कहा कि सरकार की ओर से महिला सुरक्षा के लिए कई कानून बनाये गये हैं। जिसका सभी महिलायें व बालिकाएं प्रयोग करें। थानाध्यक्ष करुणाकर पांडेय ने कहा कि महिलाओं को सशक्त करने के लिए ही सरकार की ओर से मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है। थाना क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायतों में चौपाल लगाकर महिलाओं को जागरूक किया जाएगा।