गोंडा : रील बनाने के दौरान 33 हजार केवी लाइन की चपेट में आया किशोर, मौत; दो झुलसे
रील बनाने के शौक में एक किशोर की 33 हजार केवी लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। वहीं, दो अन्य बच्चे झुलस गए। चौथा बच्चा बाल-बाल बच गया।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
गोंडा में रील बनाने और सेल्फी लेने का शौक रविवार शाम नेवलगंज में एक परिवार पर भारी पड़ गया। पुलिया पर चढ़कर सेल्फी ले रहे चार बच्चे और युवक ऊपर से गुजर रही 33 हजार केवी की बिजली लाइन की चपेट में आ गए। हादसे में 15 वर्षीय सूर्य प्रकाश की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंचे दो अन्य युवक झुलस गए। चौथा बच्चा बाल-बाल बच गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
कोतवाली नगर के नेवलगंज निवासी सूर्य प्रकाश (15) रविवार शाम अपने रिश्तेदार प्रशांत सरोज (22) निवासी कैसरगंज जनपद बहराइच, अक्षय (12) निवासी पंतनगर और उत्सव (12) के साथ घर से कुछ दूरी पर टहलने निकला था। बताया गया कि वह पुलिया पर चढ़कर रील बनाने लगे।
इसी दौरान ऊपर से गुजर रही 33 हजार केवी की लाइन की चपेट में सूर्य प्रकाश आ गया। उसे करंट की चपेट में देखकर प्रशांत और अक्षय बचाने के लिए दौड़े तो वे भी झुलस गए। उत्सव ने शोर मचाया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तीनों को जिला अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने सूर्य प्रकाश को मृत घोषित कर दिया। प्रशांत और अक्षय को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया, लेकिन परिजनों ने उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
सीओ सिटी योगेंद्र सिंह ने बताया कि रील बनाने के लिए सेल्फी लेते समय हादसा होने की जानकारी मिली है। कोतवाली नगर पुलिस को मौके पर भेजा गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
