यूपी में बड़ा हादसा: नहर में गिरी श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो, 11 की मौत... मृतकों में नौ लोग एक ही परिवार के
गोंडा में श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो नहर में गिर गई। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। जबकि, चार की हालत नाजुक बताई जा रही है। मृतकों में नौ लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।
विस्तार
बारिश के बीच रविवार सुबह सीहागांव से पृथ्वीनाथ शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए जा रहे श्रद्धालुओं का तेज रफ्तार बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर बेलवा बहुता सरयू नहर में गिर गया। हादसे में दम घुटने से 11 लोगों की मौत हो गई। चालक व तीन सवार वाहन से कूदकर किसी तरह बचे। एक बच्ची अब भी लापता है। पुलिस के अनुसार वाहन में चालक के साथ एक ही गांव के कुल 16 लोग सवार थे। हादसे में एक ही परिवार के नौ लोगों की जान गई है।
मोतीगंज क्षेत्र के सीहागांव निवासी प्रह्लाद गुप्ता ने बताया कि रविवार सुबह पत्नी बीना, बेटी काजल, महक व पिंकी के साथ गांव के 16 लोग जलाभिषेक के लिए वाहन से निकले थे। पारासराय-अलावल देवरिया मार्ग से होते हुए सुबह करीब 9:30 बजे वाहन रेहरा गांव के समीप बेलवा बहुता सरयू नहर पुल के पास पहुंचा, तभी बारिश तेज हो गई। इसी बीच अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया। इसपर चालक सीता शरन के साथ ही पिंकी, सत्यम व रामललन वाहन से कूद गए। पीछे बैठे लोग जब तक कुछ समझते तब तक वाहन नहर में समा चुका था।
बाहर निकले लोगों के शोर मचाने पर स्थानीय निवासी बचाव के लिए नहर में कूद गए। कुछ देर में प्रशासनिक टीम भी मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ व पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत व बचाव कार्य शुरू किया। वाहन में फंसे लोगों को शीशा तोड़कर जब तक बाहर निकाला गया, तब तक 11 की दम घुटने से मौत हो चुकी थी।
सीएम योगी ने लिया घटना का संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना का संज्ञान लेकर शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। घायलों के समुचित उपचार के भी निर्देश दिए हैं। सीएम ने मृतकों के परिजनों को पांच लाख की आर्थिक सहायता दिए जाने के निर्देश दिए हैं।
बारिश बनी काल
बताया जा रहा है कि हादसे के समय हल्की बारिश हो रही थी। नहर के किनारे की सड़क फिसलन भरी थी और बेहद संकरी भी। बोलेरो को साइड से गुजारने की कोशिश के दौरान अचानक वाहन फिसलकर नहर में पलट गया। वाहन पानी में पूरी तरह डूब गया। इससे सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला।चश्मदीदों ने बताया भयावह मंजर
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह करीब 6.00 बजे एक जोर की आवाज सुनाई दी। कुछ ही देर में लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि बोलेरो नहर में समा चुकी थी। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और खुद भी बचाव कार्य में जुट गए। बाद में प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम ने मोर्चा संभाला।मौके पर पहुंचे डीएम और एसपी
हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एनडीआरएफ की टीम, पुलिस बल और स्थानीय गोताखोरों ने शवों की तलाश शुरू की। अब तक 11 शव बरामद किए जा चुके हैं। एक व्यक्ति की तलाश अब भी जारी है, जबकि तीन लोग किसी तरह बाहर निकलकर बच गए।मृतकों की पहचान के प्रयास जारी
घटना में मृत श्रद्धालुओं की शिनाख्त की प्रक्रिया चल रही है। प्रशासन ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।गांव में पसरा मातम
सीहागांव में जैसे ही यह खबर पहुंची, वहां कोहराम मच गया। एक ही गांव के 11 लोगों की मौत से हर आंख नम है। परिवारों में चीख-पुकार मची है। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। मृतकों के घरों में रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों की भीड़ अस्पताल और घटनास्थल दोनों जगह उमड़ रही है।डीएम प्रियंका निरंजन ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। राहत व बचाव कार्य जारी है। मृतकों के परिवार को हर संभव सहायता दी जाएगी। लापता व्यक्ति की खोज के लिए एनडीआरएफ और स्थानीय टीम लगातार प्रयास कर रही है।
एसपी विनीत जायसवाल ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। हादसे की जांच कराई जा रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि हादसे के कारणों की सही जानकारी मिल सके।