{"_id":"130-89183","slug":"Gonda-89183-130","type":"story","status":"publish","title_hn":"कागज की गड्डी थमा किसान से 13.5 हजार ठगे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कागज की गड्डी थमा किसान से 13.5 हजार ठगे
Gonda
Updated Wed, 26 Nov 2014 05:30 AM IST
विज्ञापन
मोतीगंज/गोंडा। बैंक से रुपये निकाल कर बाहर आए एक किसान को झांसा देकर जालसाज कागज की गड्डी थमा कर साढ़े 13 हजार रुपये लेकर भाग निकले। किसान ने जब गड्डी को पलटा तो ऊपर और नीचे पांच-पांच सौ के नोट लगे मिले। तब उसे ठगी की जानकारी हुई। इस मामले में पीड़ित ने थाना मोतीगंज में जालसाजों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मोतीगंज थाना क्षेत्र के हड़हवा गांव के मजरे कोटिया के रहने वाले जयराम वर्मा ने बताया कि वह मंगलवार की दोपहर सर्व यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा मोतीगंज से रुपये निकालने साइकिल से गए थे। वहां बैंक से साढ़े 13 हजार रुपये निकालने के बाद बाहर निकले तो दो युवक मिल गए। उन लोगों ने बताया कि वे बैंक में एक लाख रुपये जमा करने आए हैं, मगर उनका खाता बैंक में नहीं है। खाता खुलवाने में समय लगेगा, इसलिए उनके एक लाख रुपये वह रख ले। उन युवकों ने जयराम को दो गड्डी थमा दीं, जो पांच-पांच सौ रुपये की थीं। जयराम के मुताबिक दोनों ने बताया कि उसके पिता बीमार हैं, इलाज के लिए 15 हजार रुपये जमा करना है। जयराम ने बताया कि युवकों के झांसे में आकर उन्हें साढ़े 13 हजार रुपये दे दिए। दोनों ने उससे कहा कि रुपये जमा करने के बाद लौटकर आएंगे और खाता खुलवाएंगे। इसके बाद वह दोनाें युवकों का बैंक के बाहर इंतजार करता रहा। मगर जब काफी देर तक दोनों नहीं लौटे तो उसने गड्डी पलटीं तो उनके ऊपर और नीचे पांच-पांच सौ का एक-एक नोट लगा था, जबकि बीच में सादा कागज था। तब उसे ठगी की जानकारी हुई। थाना मोतीगंज के उप निरीक्षक उदयराज सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
