सुहवल। युवराजपुर गांव में श्रीनाथ बाबा इंटर कालेज के परिसर में शुक्रवार को समाजसेवी मुरलीधर सिंह की स्मृति में नवयुवक मंगल दल की ओर से दो दिवसीय 74वीं अंतर ग्रामीण वालीबाल सद्भावना खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ पटकथा लेखक शांतिभूषण एवं पूर्व प्रधान दीपक सिंह ने फीता काटकर किया। उद्घाटन मुकाबले में मेजबान युवराजपुर ने सुहवल को 14-10, 14-10, शक्करपुर ने बीरपुर को 14-5, 14-10 तथा परसदा ने करहिया को 25-21, 25-15 से पराजित किया। बुजुर्गा ने शहीद क्लब युवराजपुर को 25-24 एवं 24-22 से हराया। उद्घाटन के अवसर पर पटकथा लेखक शांतिभूषण ने कहा कि गांव स्तर पर कम संसाधनों के बाद भी जिस तरह से इतने बड़े पैमाने पर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है, निश्चित ही सराहनीय है और खिलाड़ियों को इसका लाभ मिलेगा। इस मौके पर समाजसेवी शम्मी सिंह, चंदन सिंह, चुनमुन सिंह, डब्बू तिवारी, कन्हैया तिवारी आदि मौजूद थे। निर्णायक की भूमिका शिवाजीत सिंह, विमलेश सिंह एवं पीएन सिंह, उद्घोषक आशुतोष सिंह एवं शम्मी सिंह तथा स्कोरर अजय सिंह एवं चुनमुन सिंह रहे।